बिलासपुर। न्यायधानी से लगे कोटा क्षेत्र से एक भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। जिसमें एक युवक की जान चली गई। एक बच्ची और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बस चालक की जमकर पिटाई कर दी। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के मुताबिक कपसिया निवासी मृतक अमन सतनामी (25) अपनी मां और एक बच्चों को लेकर निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोटरसायकल से निकले थे। इस बीच करीब दोपहर 1 बजे गनियारी गाँव के पास बस ने पीछे से टक्कर मार दी। वहीं युवक के ऊपर से बस गुजरने के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि मृतक के मां और बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक अमन अपनी बाइक से आगे जा रहा था। इस बीच सामने मवेशी आ जाने और उसे बचाने के चक्कर में बस चालक ने गाड़ी गलत साइड में मोड़ दिया, जिसके बाद आगे जा रहा अमन बस के पिछले टायर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। रिया और द्रौपदी दूर छिटक गए।