BJP का मिशन- 65….जनसम्पर्क यात्रा में मिले रिस्पांस से बढ़ा हौसला …. अब विकास यात्रा की तैयारी

Chief Editor
5 Min Read
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश की  एक दिवसीय समीक्षा बैठक रविवार को  कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सम्पन्न हुई। इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष रामविचार नेताम, भाजपा महामंत्री, संतोष पाण्डेय, गिरधर गुप्ता के अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनसम्पर्क यात्रा प्रभारी शामिल हुए।
सर्व प्रथम बैठक को सम्बोधित  करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि आज हम सब जनसम्पर्क यात्रा के बाद पहली बार मिल रहे हैं और जनता के बीच मिले जनसमर्थन से 15  साल में इतना अच्छा माहौल देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। जनसम्पर्क यात्रा से पहले जो संशय की स्थिति कार्यकर्ताओं के मन रही वह इस यात्रा में निर्मूल साबित हुई और इस कार्यक्रम से भाजपा कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जनसम्पर्क यात्रा की परिकल्पना सौदान सिंह की रही जिन्होंने हम सबको प्रेरित किया कि जनता के बीच जाकर बात करें हम सब उनका और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का धन्यवाद करते हैं। यात्रा से भाजपा के पक्ष में बने अच्छे माहौल को, उत्साह को लगातार बनाए रखने की आवश्यकता है और इस ओर हम सब प्रयास करेंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा मिले ग्राम सुराज अभियान के विषय में बताया कि बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती के दिन 14 अप्रेल से 5 मई तक यह अभियान चलेगा। 18 अप्रेल बुधवार को स्वच्छ भारत पर्व, शुक्रवार 20 अप्रेल को उज्जवला पंचायत, 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस, 28 अप्रेल को ग्राम शक्ति अभियान, सोमवार 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत अभियान, बुधवार 2 मई को किसान कल्याण कार्यशाला एवं शनिवार 5 मई को आजीविका एवं कौशल विकास मेला आयोजित किया जायेगा।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि बैठक आप लोगों के अनुभव सुनने के लिए बुलाई गई है और आप के उत्साह से स्पष्ट है कि अनुभव अच्छा है पदयात्रा में मेहनत करने के कारण हमारा विरोधी भी रूक कर सुनता है। भाजपा में देशभक्त व समर्पित कार्यकर्ता हैं और पदयात्रा करने से जनता के बीच अपना स्थान निश्चित बनता है यह अनुभव में आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 और वर्ष 2018 में जमीन आसमान का अन्तर दिखाई पड़ता है। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य में राज्य सरकार ने अच्छा कार्य किया है, यहां खद्यान्न योजना देश में सर्वश्रेष्ठ है साथ ही मोदी सरकार की उज्जवला आवास योजना बहुत लोकप्रिय है। जनसम्पर्क यात्रा कर आप लोगों ने भाजपा सरकार के कामों को पुन: लोगों की स्मृतियों में ताजा कर दिया है। छत्तीसगढ़ का संगठन देश का सर्वश्रेष्ठ संगठन है और कार्यकर्ताओं की बदौलत 65 सीट आसानी से जीत सकते हैं। सरकार व सरकार के मुखिया के प्रति कहीं कोई एंटीइंनकेसी नहीं है यह केवल विरोधियों का गलत प्रचार है यात्रा के अच्छे अनुभव से स्पष्ट हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जनसम्पर्क यात्रा की सफलता ने बता दिया कि किस प्रकार 14 वर्ष शासन के बाद भी जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता, नेता एक साथ मिलकर चल सकते हैं, कार्य कर सकते हैं।  जनता भी दोनों को एक साथ देखकर प्रसन्नचित  दिखी। छत्तीसगढ़ प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार ने बनाया था और जो प्रसव पीड़ा सहन करता है उसे ही उसके लिए दर्द महसूस होता है। 14 वर्ष तक लगातार विकास कार्य कर हमने छत्तीसगढ़ प्रदेश को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने का लगातार प्रयास किया है जिसे जनता जानती है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल बस्तर में आए थे उन्हें दंतेवाड़ा, बीजापुर का विकास देखकर आश्चर्य हुआ। आप एक बार इस क्षेत्रों में जाएं वहां का विकास रायपुर व दुर्ग जिलों से अधिक हुआ है। अभी जनसम्पर्क यात्रा समाप्त हुई है और अब ग्राम सुराज यात्रा  चालू हो गई है उसके बाद विकास यात्रा आरंभ होगी। हम लगातार जनता के पास जाने की हिम्मत अपने विकास कार्यो के कारण कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप विश्वास रखो, अभी एक लाख 20 हजार सायकल, 30 हजार सिलाई मशीन, 90 हजार मजदूर पेटी, 50 लाख स्मार्ट फोन बटने वाला है। हम लगातार जनता के जीवन को ऊपर उठाने का कार्य करने वाले पं. दीन दयाल  के अनुयायी है जिसका मूलमंत्र अन्त्योदय का सिद्धांत है।
close