5 वार्ड में भाजपा नेताओं ने किया प्रदर्शन..पूर्व मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा..बोल रहे हैं गलत समय पर बना मेयर.सरकार ने बिल नहीं बिजली किया आधा

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-ढाई साल के कांग्रेस सरकार में  सारे काम ठप हैं। अमृत मिशन के लिए खोदी गयी सड़क बनाने में भ्रष्टाचार का खेल जमकर हुआ है। शहर की नाली, पानी, बिजली की समस्या से हर कोई परेशान है। यह बातें पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने पांच वार्डों में भाजपा के धरना प्रदर्शन अभियान के दौरान कही। अमर ने शासन को तीन महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों का भाजपा कार्यकर्ता घेराव करेंगे।
 
              शुक्रवार से भाजपा नेताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। शहर के पांच वार्डो में भाजपा के धरना आंदोलन में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने भी शिरकत किया। अमर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ढाई साल में सारे काम ठप हैं। नये काम तो दूर सड़को की मरम्मत, नालियों की सफाई भी नही हो रही है। वार्डो में मूलभूत समस्याओं का अम्बार है। अमृत मिशन की खोदी सड़क को बनाने में कांग्रेस  नेता भ्रष्टाचार का जमकर खेल खेल रहे हैं।
 
                पूर्व मंत्री ने शहर सरकार को जनता को बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए तीन माह का अल्टीमेटम दिया। उन्होने कहा कि यदि समस्या का निराकरण नही किया गया तो  कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के निवास का घेराव किया जाएगा।
 
              पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने नेहरू नगर, जरहाभांठा राजीव गांधी चौक, गोड़पारा, सरकंडा और टिकरापारा में भाजपा के धरना सभा को संबोधित किया। अमर ने बताया कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है लोगो में जानमाल की चिंता बढ़ गयी है। किसी की जमीन सुरिक्षत नही है.।  बिलासपुर को सरकार ने भूमाफिया की राजधानी बना दिया। बिलासपुर शहर की बेस कीमती जमीन को लूटने का काम कांग्रेसी नेता कर रहे है। आम जनता की कोई सुनवाई नही है। यही कारण है कि जनता को सड़क पर आने को मजबूर होना पड़ा है। तीन माह में यदि जनता की समस्या का निराकरण नही किया गया तो कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के घर के सामने धरना भाजपा किया जाएगा। 
 
                  पूर्व मंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि खोदी सड़क बनाने और बिजली मेंटनेश के नाम पर कांग्रेस के नेता कमीशन ले रहे है। रोज बिजली गुल हो रही है, बिजली बिल आधा नही बिजली आधी हो गई है। सात साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सौ स्मार्ट सिटी में बिलासपुर को शामिल किया था।  लेकिन स्मार्ट सिटी का काम पूुरी तरह से थम गया है। 400 करोड़ के अमृत मिशन में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। कांग्रेस को शहर विकास की चिंता नही है। अमर ने चुटकी लेते हुए कहा कि महापौर कहते फिर रहे हैं कि गलत समय पर महापौर बन गया। भाजपा शासनकाल के स्वीकृत निर्माण कार्य का नारियल फोड़ रहे है।
 
close