दोनों ने दोस्त को मौत के घाट उतारा..फिर पत्तों पर रख जलाया..पहले तीनों ने की जमकर शराब-खोरी

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर— कोटा पुलिस ने कोरी डैम के पास जली लाश की पहचान कर हत्या में शामिल दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनो नाबालिग के खिलाफ सकरी थाना में अपराधिक रिकार्ड भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार हत्या के पहले तीनों दोस्तों ने जमकर शराब का सेवन किया। नशे की हालत में विवाद हुआ। और दोनों नाबालिगों ने हत्या को अंजाम देने के बाद शव को पत्तों के बीच रखकर जला दिया।
 
                 कोटा पुलिस के अनुसार 9 फरवरी को कोटा वन विभाग चौकीदार ने मोबाइल पर बताया कि कोरी डैम घोंघा जलाशय के पास जंगल में अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी है। लाश से बदबू आ रही है। जनकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।  मौके पर मौजूद राजेश कुमार घृतेश ने बताया कि वह लालपुर थाना कोटा का रहने वाला है। वन विभाग में चौकीदारी का काम करता है।
 
                    राजेश ने जानकारी दिया की करीब 12 बजे कोरी डैम के पास स्थित जंगल तरफ घूम रहा था। तभी आसपास बदबू का अहसास किया। पहले तो लगा कि मृत जानवर से बदबू आ रह ीहै। मौके पर पहुंचा तो एक व्यक्ति की जली हुई लाश सामने थी।
 
बोतल, टोपी, चप्पल बरामद
 
             जानकारी के बाद  पुलिस ने मुआयना के दौरान पाया कि शव के पास खून के दाग है। खून से सना एक पत्थर भी है। इसके अलावा डिस्पोजल गिलास, खाली शराब की शीशी,  पानी पाउच, चाकू और  लाल काले रंग की ऊनी टोपी को जब्त किया गया। छानबीन के दौरान प्रथम दृष्टया पाया गया कि किसी ने मृतक को पत्थर से कुचलकर मारा है।  सबूत मिटाने के लिए लाश को जलाया है।
 
चप्पल और शराब की बोतल से हुई पहचान
 
                  एडिश्नल एसपी ग्रामीण रोहित झा ने बताया कि मौके पर ही अपराध पंजीबद्ध किया गया। साक्ष्य के आधार पर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। शराब की शीशी को लेकर आसपास के शराब दुकानों में सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया। शव के पास मिले लाल काले रंग की ऊनी टोपी, शव और चप्पल की फोटो को व्हाट्सएप में वायरल किया गया।
 
               इसी बीच काठकोनी निवासी अजय रात्रे ने फोटो की पहचान कर बताया कि सामान उसके बेटे की है। पुलिस टीम ने तत्काल अजय रात्रे से सम्पर्क किया। पूछताछ  के दौरान अजय ने बताया कि 2 फरवरी को उसका बेटा अपने दोस्तों के साथ कोटा डैम घूमने गया था। लेकिन आज तक नहीं लौटा। बेटे के दोनों दोस्तों ने बताया कि उसे घर के पास छोड़कर गये हैं।
 
दोनो नाबालिग न्यायालय के हवाले
 
               पुलिस ने पूछताछ के बाद मृतक के दोनो दोस्तों को पकड़ा। इस दौरान जानकारी मिली कि दोनो का सकरी थाना में आपराधिक रिकार्ड भी दर्ज है। दोनो ने बताया कि 2 फरवरी को मृतक के साथ औरापानी बांध और कोरी डैम घूमने गए थे। तीनों ने मिलकर कोरी डैम के पास जंगल में शराब का सेवन किया। इसी बीच विवाद  हो गया। इसके बाद दोनों ने मृतक के गले में चाकू से हमला किया। फिर पत्थर से सिर कुचला।  सबूत मिटाने के लिए मृतक को सूखे पत्ते में रखकर जला दिया। कपड़ा भी उसके ऊपर रख दिया।
 
            रोहित झा ने बताया कि पकड़े गए दोनो आरोपी नाबालिग है। विधिसम्मत कार्रवाई कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।
TAGGED: ,
close