सरकार है या सर्कस, मौसम की तरह बदले जा रहे हैं SP-कलेक्टर

Shri Mi
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने जिला स्तर के मुख्य अधिकारियों के अल्प समय में तबादले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार चला रही है या सर्कस चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां जहां दौरे पूरे कर चुके हैं, वहां बदलाव हो रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग में मुख्यमंत्री ने देख लिया कि उनकी सरकार की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था सरकार की तरह ही लचर है। कई जगह बदलाव करना पड़ा। जहां अभी मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे हैं, वहां के हालात की जानकारी उन्हें मिल रही है और स्थिति यह है कि पूरे प्रदेश में नौकरशाही के बार बार बदलाव के बाद भी हालात नहीं बदले। अब भूपेश बघेल को समझ लेना चाहिए कि प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के बदलाव का प्रयोग विफल हो गया है। अब तो जनता ही व्यवस्था में बदलाव करेगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने राजनांदगांव जिले में तीन साल में चार कलेक्टर और इसी तरह बार बार एसपी बदले जाने पर कहा है कि जितना वक्त एसपी कलेक्टर को अपने प्रभार वाले जिले को जानने में लगता है, उतने समय में उनका डेरा बांध दिया जाता है। प्रदेश भर में ऐसी ही प्रशासनिक अफरातफरी का माहौल यह साबित कर रहा है कि यह सरकार कुर्सी दौड़ कर रही है जो बाधा दौड़ में बदल गई है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से न तो राज्य का प्रशासनिक तंत्र सम्हल रहा है और न ही कानून व्यवस्था सम्हल रही है। पूरे प्रदेश का विकास ठप हो गया है। जनता त्रस्त है और कानून व्यवस्था की दुर्गति तो अपराधों की बाढ़ उजागर कर ही रही है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close