शिक्षक प्रमोशन: कहां कितने पद खाली.? छिपा रहा विभाग,प्रोजेक्टर काउंसलिंग कराने संघ की मांग

Shri Mi
4 Min Read

अम्बिकापुर।सरगुजा संभाग में सहायक शिक्षक व शिक्षक की पदोन्नति पर ऐसा माना जा रहा है कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना की प्रक्रिया में सिस्टम का भेंट वाला शिष्टाचार हावी होने की संभावना बन रही है। क्योकि सूबे के इस विभाग ने अब तक यह जानकारी सार्वजनिक नही किया है कि पदोन्नति के पद कितने है …! कौन कौन से स्कूलो में पद खाली है। सब कुछ अब तक छुपा हुआ है। जो सन्देह को जन्म दे रहा है। शिक्षक समुदाय के अहित की आशंका को भांपते हुए शिक्षक संघ फ्रंट फुट पर आ गया है। इसी कड़ी में सरगुजा सम्भाग के रिक्त पदों को सार्वजनिक कर पदोन्नति पदस्थापना प्रोजेक्टर काउन्सलिंग के माध्यम से कराने संयुक्त शिक्षक संघ ने स्कूल शिक्षा विभाग के सरगुजा सम्भागीय संयुक्त संचालक को ज्ञापन सौपा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

संघ के प्रांतीय महासचिव शहादत अली बताते है कि सोमवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ सरगुजा संभाग के जिलाध्यक्ष सूरजपुर सचिन त्रिपाठी,सरगुजा स्नेहलता पाठक ,जशपुर संतोष टांडे,बलरामपुर रामप्रकाश जायसवाल ने प्रांतीय उपाध्यक्ष माया सिंह के नेतृत्व में रिक्त पदों के प्रकाशन और प्रोजेक्टर काउन्सलिंग के माध्यम से पदस्थापना कराए जाने के लिए सम्भागीय संयुक्त संचालक सरगुजा बी. एक्का को ज्ञापन सौंपा गया है।

ज्ञापन के विषय मे अधिक जानकारी देते हुए से सचिन त्रिपाठी ने बताया कि सरगुजा संभाग व संभाग के समस्त जिलों में सहायक शिक्षक व शिक्षक की पदोन्नति प्रक्रियाधीन है जिस हेतु संभाग व जिले से पृथक पृथक वरिष्ठता सूची जारी की गई है परन्तु पदोन्नति के रिक्त पदों को सार्वजनिक नही किये जाने से संभाग के शिक्षकों में अपनी पदोन्नति को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है।

सरगुजा जिलाध्यक्ष स्नेहलता पाठक ने बताया कि राज्य शासन के मंशा अनुरूप प्रधान पाठक प्रा.शा./मा.शा. व शिक्षक के पदों पर हो रही पदोन्नति के दायरे में आने वाले सरगुजा संभाग के हजारो सहायक शिक्षक व शिक्षक, विषयवार रिक्त पदों की जानकारी न होने से अपने पदोन्नति को लेकर सशंकित है,साथ ही पदोन्नति पश्चात पारदर्शी पदस्थापना हेतु संभाग व जिले के द्वारा रिक्त पदस्थानो की सूची चस्पा किया जाकर वरिष्ठता के आधार पर प्रोजेक्टर के माध्यम से काउंसलिग कराये जाने की मांग कर रहे है जिससे पारदर्शी व्यवस्था निर्मित हो सके।

जिला अध्यक्ष सचिन त्रिपाठी ने बताया कि संयुक्त शिक्षक संघ के ज्ञापन पर संयुक्त संचालक ने कहा कि समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों से रिक्त पदों की जानकारी मांगी है और इस सम्बंध में वीडियो कानफ्रेसिंग भी रखी गई है शीघ्र ही रिक्त पदों की संख्यात्मक जानकारी प्रदान कर दी जाएगी उन्होंने बताया कि 27 जनवरी तक सम्भागीय कार्यालय द्वारा अंतरिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन कर उसमें पुनः दावा आपत्ति लिया जाएगा दावा आपत्ति देने वाले शिक्षक अपने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी/जिला शिक्षा अधिकारी से आवेदन सत्यापित करा संभाग में आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे तथा पदोन्नति पदस्थापना हेतु राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा।
संयुक्त संचालक से मुलाकात के बाद संघ पदाधिकारियो सहित शिक्षकों ने सहायक संचालक द्वय संजय सिंह व आशीष दुबे से पदोन्नति विषयक विस्तृत चर्चा कर शंका समाधान किया।

सोमवार को ज्ञापन सौंपने में माया सिंह,सहादत अली,सचिन त्रिपाठी,स्नेहलता पाठक,भूपत सिंह,शमीम खान,धर्मपाल सिंह राजकुमार सिंह,विक्रम सिंह तोमर,पुष्पेंद्र चौबे,गुदवर सिंह,पूजा सिंह,धनीराम राजवाड़े,मनोज कुमार,शैलेन्द्र सिंह,राकेश भावल,मनोज तिर्की,मनोज सिंह चौहान,गणेश गुप्ता,अशोक सोनी,सुजीत सिन्हा, वंदना बेक, सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close