CM भूपेश व मुकुल वासनिक को दिल्ली में अपोलो अस्पताल के सामने रोका,VIDEO शेयर कर मुख्यमंत्री ने कहा-बहुत डरपोक है….

Shri Mi

दिल्ली।कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को ईडी की नोटिस के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे सीएम भूपेश बघेल को दिल्ली पुलिस ने थाने जाने से रोक दिया है। सीएम बघेल बदरपुर थाने जा रहे थे, जहां प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में रखा है, लेकिन उन्हें सरिता विहार में अपोलो हॉस्पिटल के पास रोक दिया गया है। नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचे थे, इसके बाद यहां से कांग्रेस के सभी नेता प्रवर्तन निदेशालय-ED के दफ्तर की ओर मार्च करने की तैयारी में थे। यहां से रास्ते में नेताओं को रोक लिया गया। जब मुख्यमंत्री और दूसरे नेता सड़क पर ही बैठ गए तो उन्हें पुलिस ने जबरिया गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को भी ऐसे ही प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को डिटेन किया था। बाद में उन्हें छोड़ा गया था।

Join Our WhatsApp Group Join Now

प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर जाने वाले अकबर रोड को बंद कर रखा है। कांग्रेस मुख्यालय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके सलाहकार राजेश तिवारी और रायपुर विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद हैं। दूसरे वरिष्ठ नेता भी वहां पहुंच गए हैं। ED ने राहुल गांधी से सोमवार को करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। रात 10 बजे के बाद वे बाहर निकले। उन्हें मंगलवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। कांग्रेस नेता उनके साथ जाने पर अड़े हुए हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है। इसी बीच 24 अकबर रोड से के.सी. वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, रंजीता रंजन, ईमरान प्रताप गढ़ी, दीपेंद्र हुड्डा, गौरव गोगई सहित राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया है, इन सभी को बादरपुर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है, देश के भाजपा शासित एक भी राज्य में समर्थक दलों या उनके नेताओं पर केस दर्ज नहीं हुए हैं। भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष के आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, जब भी किसी नेता पर छापा पड़ता है तो कहा जाता है कि बहुत बड़ा मामला है पर वह जैसे ही भाजपा में शामिल होता है, मामला रफा-दफा कर दिया जाता है। बघेल ने कहा, केरल से लेकर कश्मीर तक विपक्षी नेताओं पर केस दर्ज कर परेशान किया जा रहा है। लोकतंत्र में इस तरह आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

मंगलवार शाम एक अन्य ट्वीट कर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि बहुत डरपोंक हैं ये गोडसे के वंशज मुझे और मुकुल वासनिक जी को दिल्ली में अपोलो अस्पताल के सामने रोक लिया गया है। हम बदरपुर थाने में बंद हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता ‘बब्बर शेर’ हैं, सच के लिए लड़ रहे हैं। ये लड़ाई लड़ी जाएगी..

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close