Cgpsc scam: CBI की कार्रवाई पर सीएम विष्णुदेव का ट्वीट

Cgpsc scam।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के पूर्व प्रमुख IAS अफसर टामन सिंह सोनवानी को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर की एक सुरक्षित जगह पर ले जाकर सोनवानी से पूछताछ की खबर है। सोनवानी पर CGPSC की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप है। इसके अलावा बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया है।
आरोप यह है कि, पैसे लेकर कुछ नेताओं और अधिकारियों के बच्चों को डिप्टी कलेक्टर और DSP जैसे पदों पर सिलेक्ट किया गया था। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, टामन के अलावा आने वाले दिनों में CBI कुछ और अफसरों को भी अरेस्ट कर सकती है।
CGPSC 2019 से 2022 तक की भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों के चयन को लेकर विवाद है। ईओडब्ल्यू और अर्जुंदा पुलिस ने भ्रष्टाचार-अनियमितता के आरोप में केस दर्ज किया है। PSC ने 2020 में 175 पदों पर और 2021 में 171 पदों पर परीक्षा ली थी।
CGPSC परीक्षा 2021 में 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्री-एग्जाम 13 फरवरी 2022 को कराया गया। इसमें 2 हजार 565 पास हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को हुई मेंस परीक्षा में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की सिलेक्शन लिस्ट जारी हुई।
सीजी पीएससी भर्ती घोटाला में पीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ट्वटी आया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा है कि आपके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
विष्णुदेव ने लिखा है कि मेरा छत्तीसगढ़ के युवा अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आप सभी मन लगा कर पढ़ाई करें और अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं। हमारी सरकार आपके हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। आपके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।