कलेक्टर मित्तर ने विकास कार्यों का लिया जायजा ..बैराज निर्माण की प्रगति पर जताया संतोष..सड़क निर्माण लेटलतीफी पर अधिकारियों को फटकारा

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-गुरूवार को कलेक्टर सारांश मित्तर ने शहर में चल रहे विकास कार्यो का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। शिवघाट और पचरीघाट पहुंचकर निर्माणाधीन बैराज का अवलोकन किया। साथ ही सड़क चौड़ीकरण की धीमी गति पर नाराजगी भी जाहिर किया। इस दौरान कलेक्टर ने सम्बधित विभाग और अधिकारियों को विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ  पूर्ण करने का निर्देश दिया।
 
               कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने गुरूवार को शहर में चल रहे कार्याे का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। नेशनल हाईवेे क्रं 49 गुरूनानक चौक से जगमल चौक तक फोरलेन सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण कार्य के दौरान कलेक्टर ने कार्य की धीमी गति पर गहरी नाराजगी जाहिर किया। मौके पर मौजूद नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के बीच अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि समन्वय बनाकर काम करें। किसी भी प्रकार की दिक्कतों को एक दूसरे से ना केवल साझा करें। पल पल की गतिविधियों सेअवगत भी कराएं। 
 
         डॉ. सारांश मित्तर ने पीडब्लूडी द्वारा नेशनल हाईवे क्रमांक 49 में गुरूनानक चौक से जगमल चौक तक 5 करोड़ 25 लाख 66 हजार की लागत से निर्माणाधीन एक किलोमीटर लंबाई में फोरलेन चौड़ीकरण और डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। कार्य में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई पाईपलाइन बीच में आने से कार्य प्रभावित हो रहा था। कलेक्टर ने कार्य की धीमी गति पर गहरी नाराजगी जताई। मौके पर उपस्थित नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और  तकनीकी कर्मचारियों के कार्य में आने वाली बाधाओं की जानकारी कलेक्टर को दी गई।
 
             मौके पर ही दोनों विभाग के बीच समन्वय को लेकर आ रही दिक्कतों का निराकरण किया। कलेक्टर ने कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिया।
 
           कलेक्टर सारांश मित्तर ने पचरीघाट एवं शिवघाट बैराज का सघन निरीक्षण किया। बैराज कार्य की प्रगति पर संतोष जाहिर किया। मौके पर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि बैराज निर्माण का कार्य तीव्र गति से हो रहा है। 100 करोड़ की लागत से  दोनों बैराज समय पर तैयार कर लिया जाएगा।
 
        कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में जून 2022 तक बैराज का काम पूर्ण करने का निर्देश दिया। कलेक्टर ने कार्य स्थल का बारीकी से गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गति पर संतोष जताया। ड्रैनेज पाईपलाइन के संबंध में आ रही दिक्कतों का मौके पर ही निराकरण किया। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। 
close