कलेक्टर ने कहा..100 प्रतिशत सफलता के लिए घर घर जाएं..पता लगाएं..लापरवाही बर्दास्त नहीं

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—- जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक में सड़क मरम्मत कार्याें को लेकर कलेक्टर डॉ.सारांश मित्तर ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से टारगेट हासिल करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर दिए गए सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। 
 
        मंथन सभागार में समय सीमा बैठक के दौरान  डाॅ. मित्तर ने कहा कि ग्रामीणों को पैरादान के लिए प्रोत्साहित करें। गौठानों को पूरी तरह से स्वावलंबी बनाने का भरसक प्रयास करें। गोधन न्याय योजना के तहत सुपर कम्पोस्ट खाद के उठाव में तेजी लाए। कोविड टीकाकरण को 100 प्रतिशत टारगेट बनाकर घर घर जाएं। बचे हुए लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करें।
 
           राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करें। धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल योजना के तहत प्रस्तावित अन्य सस्ती दवा दुकानों को जल्द चालू करने का भी कलेक्टर ने निर्देश दिया।
 
            उपस्थित अधिकारियों से कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना की प्रगति को लेकर बातचीत की। कोविड-19 में मृत व्यक्तियों के परिजनों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी को भी संज्ञान में लिया। साथ ही मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण कृषि भूमिहीन मजदूर योजना, लोक सेवा गारंटी अधिनियम सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की है। बैठक में  जिला पंचायत मुख्यकार्यपालन अधिकारी  हरिस एस, अपर कलेक्टर जयश्री जैन, नगर निगम कमिश्नर  अजय त्रिपाठी, सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
 
किसानों की सहूलियतों का रखें ध्यान
 
 जिला कलेक्टर डॉ.सारांश मित्तर ने समय सीमा बैठक में कहा कि 1 दिसम्बर से धान खरीदी का काम शुरू हो जाएगा। इस दौरान किसानों की सहूलियतों का पूरा ध्यान रखा जाना बहुत जरूरी है। यह बातें कलेक्टर मित्तर ने मंथन सभागार में नोडल अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।
 
            कलेक्टर डाॅ. मित्तर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों में केवल पंजीकृत वास्तविक किसानों का ही धान क्रय किया जाएगा। सामान्य से ज्यादा धान की आवक पर सतत निगरानी रखने की जरूरत है। धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
close