Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान थे राहुल गांधी के साथ
Santokh Singh Chaudhary

Bharat Jodo Yatra-कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी (Santokh Singh Chaudhary) का शनिवार को निधन हो गया। संतोख सिंह की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने पर लुधियाना में एक एम्बुलेंस में अस्पताल ले जाया गया था जहां हार्ट अटैक से उनका देहांत हो गया। कांग्रेस (Congress) सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन की जानकारी देते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने ट्वीट किया।
Bharat Jodo Yatra के दौरान हो गए थे बेहोश
संतोख सिंह के निधन के बाद भारत जोड़ो यात्रा को शनिवार के लिए स्थगित कर दिया गया है। पंजाब के सीएम भगवंत मान और राहुल गांधी भी अस्पताल पहुंच गए हैं। सांसद संतोख सिंह चौधरी आज भारत जोड़ो यात्रा के बीच पैदल चलने के दौरान बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। जिसके तुरंत बाद उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्विटर पर लिखा, “जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
संतोख सिंह चौधरी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे और अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी हालत बिगड़ गयी। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उनके हार्ट अटैक से निधन की सूचना दी। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ, तेज पसीना आया और वह गिर पड़े।
इस घटना के बाद भारत जोड़ो यात्रा बीच रास्ते में ही रोक दी गई। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को रोका और तुरंत अस्पताल पहुंचे। संतोख सिंह की पार्थिव देह को उनके जालंधर शहर स्थित न्यू विजय नगर निवास पर लाया जा रहा है।
Captain Amarinder Singh ने जताया दुख
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस सांसद के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।”
कौन हैं संतोख सिंह चौधरी
77 साल के संतोख सिंह चौधरी पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और जालंधर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद भी रहे हैं। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर संसदीय चुनाव लड़ा था और जीते थे। इसके अलावा वह 2019 में भी लोकसभा सांसद रहे।