CORONA in India-11 हजार नये मामले, चौथे स्थान पर पहुंचा भारत

Shri Mi
6 Min Read
corona latest,update,covid 19, corona news,

दिल्ली।देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोराेना संक्रमण के सर्वाधिक 10956 नये मामले सामने आये हैं जिससे कुल संक्रमितों की संख्या करीब 2.98 लाख हो गयी है तथा भारत विश्व में सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
इस दौरान कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक 396 लोगों की माैत हुई है जिससे मृतकों की संख्या 8498 हो गयी है। भारत संक्रमितों के मामले में ब्रिटेन को पीछे छोड़ कर दुनिया भर में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत में जहां करीब 2.98 लाख लोग संक्रमित हुए हैं वहीं ब्रिटेन में 2.92 लाख लोग संक्रमित हैं लेकिन ब्रिटेन में मृतकों की संख्या भारत की तुलना में लगभग पांच गुना अधिक है।सीजीवालडॉटकॉम के व्हाट्सएप NEWS ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक कीजिये

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

भारत में अब तक जहां इस महामारी से 8498 लोगों की मौत हुई है वहीं ब्रिटेन में कोविड-19 से 41,364 लाेगों की मौत हो चुकी है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 10956 नये मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,97,535 हो गयी। इस दौरान 396 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 8498 हो गयी। देश में इस समय कोरोना के 1,41,842 सक्रिय मामले हैं, जबकि 1,47,195 लोग इस महामारी से निजात पाने में कामयाब हुए हैं।

विश्व में कोरोना संक्रमण से प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका पहले स्थान पर है , जहां इस महामारी से अब तक 20,23,385 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 1,13,818 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। संक्रमिताें की संख्या के मामले में इसके बाद ब्राजील (8.03 लाख) और रूस (5.02 लाख) हैं। चौथे स्थान पर भारत (2.98), पांचवें स्थान पर स्पेन (2.43 लाख) और छठे स्थान पर इटली (2.36 लाख) है।

महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 3607 नये मामले दर्ज किये गये हैं और 152 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 97648 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3590 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 1561 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 46078 हो गयी है।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे पायदान पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 38716 पर पहुंच गयी है तथा 349 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 20705 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और देश में यह संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 34687 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1085 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 12731 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में राज्य महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 22032 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1385 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 15101 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अब तक 12088 कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 345 लोगों की मौत हुई है जबकि 7292 लोग इससे ठीक हुए हैं।राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 11838 हो गयी है तथा 265 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8775 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।

मध्य प्रदेश में 10241 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं तथा 431 लोगों की इससे मौत हो गयी है जबकि 7042 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। पश्चिम बंगाल में 9768 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 442 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक 3988 लोग ठीक हुए है।दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 5429 और कर्नाटक में 6245 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 80 और 72 है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4574 हो गई है और 52 लोगों की मृत्यु हुई है।

हरियाणा में 64 , पंजाब में 59, बिहार में 36 , केरल में 18, उत्तराखंड में 15, ओडिशा में नौ, झारखंड में आठ, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और असम में छह, चंडीगढ़ में पांच, पुड्डुचेरी में दो तथा त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close