निगम को 15 करोड़ की पहली किश्त जारी..मेयर ने बताया..पेयजल समस्या को किया जाएगा दूर.. नए क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता से करेंगे दूर

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-नगर निगम सीमा में शामिल क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए राज्य शासन ने पहली किश्त 15 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। यह जानकारी मेयर रामशरण यादव ने दी। मेयर ने बताया कि निगम विकास कार्यों के लिए राज्य शा्सन को 100 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। इसी क्रम में विकास कार्यों को लेकर शासन ने पहली किश्त जारी कर दिया है।
 
             नगर निगम सीमा में जुड़े नए 18 गांवों में विकास की रफ्तार अब तेज होगी। महापौर रामशरण यादव ने बताया कि नगरीय प्रशासन एंव विकास विभाग ने नगरपालिक निगम बिलासपुर को अधोसंरचना विकास कार्य के लिए 15 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी कर दिया है। राशि से नगर निगम में जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डो में 201 कार्य कराए जाएंगे।
 
              रामशरण  ने बताया कि क्षेत्र में सीसी रोड़, नाली, आटोमेटिक ऑर्गेनिक कंपोस्ट मशीन, आरसीसी कव्हर ड्रेन, सी.आर मेसोनरी वॉल कार्य, प्री कास्ट स्लैब, पाईप लाइन विस्तार कार्य, सीसी रोड़ मरम्मत कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
 
                 महापौर ने कहा कि नगर निगम में 18 नए क्षेत्रों को शामिल किया गया था। इसके बाद क्षेत्र की मांग पर  बिजली, सड़क, नाली पानी की समस्याओं को लेकर एक प्रस्ताव  नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया को प्रस्ताव दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी नगर निगम सीमा में शामिल गांव के विकास को लेकर सारी बातों को रखा गया था। इस दौरान समग्र विकास को लेकर 100 करोड़ का प्रस्ताव भी रखा गया।
 
         यादव ने कहा कि प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए शासन ने विकास कार्य को लेकर 15 करोडड़ की पहली किस्त को जारी किया है।
 
नलकूप और पावर पंप होगे स्थापित
 
                महापौर ने  बताया कि सड़क नाली के साथ ही शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है। 49 लाख 60 हजार रुपए की लागत से शहर में नलकूप खनन के साथ ही पावर पंप लगवाए जाएंगे। 27 लाख 56 हजार रुपए की लागत से जोन क्रमांक 7 में 100-150 एमएम डीआई और 50 एमएम जीआई पाईप लाईन विस्तार कराया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर होगी। 
 
यहां होगा विकास
 
             15 करोड़ रुपए मिलने के बाद खमतराई, बहतराई, बिरकोना, लिंगियाडीह, मोपका, मंगला, राजकिशोर नगर, घुरु, अमेरी, सकरी, उसलापुर, सिरगिट्टी, परसदा, तिफरा, देवरीखुर्द सहित अन्य बिलासपुर नगर निगम में जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएगे।
close