न्यायधानी को अपराधियों ने जकड़ा.. प्रदेश सरकार को बनाया निशाना..बोले अमर राहुल को लोकतंत्र की समझ नहीं

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—– पिछले दो सालों में अपराध का जमकर विकास हुआ है। राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। अपराधियों के हौसले दिलों दिन बुलन्द हो चुके है। यह बातें पूर्व निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने प्रेस नोट जारी  कर कहा है। 
 
            पूर्व निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होने प्रेस नोट जारी कर बताया कि राज्य की कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। अपराधियों के हौसले  बुलन्द है। अमर ने कहा कि शहरीकरण की प्रक्रिया में अपराध का बढ़ना अलग विषय है। लेकिन अपराधियों के हौसले बुलंद होना अलग बात है। यह निश्चित रूप से चिन्ता की बात है।
 
अपराधियों का बोलबाला
 
              अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में अपराधियों को संरक्षण देना सामान्य बात है। इस समय गुंडातत्वों और भू माफियाओं का बोलबाला है। जमीन पर बेजा कब्जा के कारण आए दिन विवाद देखने और सुनने को मिल रहे है। राजनीति और प्रशासन के संरक्षण में छत्तीसगढ़ में माफिया राज पैर पसार  रहा है। कानून व्यवस्था  बिगड़ चुकी है। पुलिस को वीआईपी ड्यूटी और नेता मंत्रियों के बंगले से फुर्सत नहीं है। 
 
                 प्रशासन और पुलिस का खौफ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में मिट चुका है। अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले पुलिस और प्रशासन को अपनी जेब में रखकर घूम रहे हैं। सड़क क्या इस समय घर में महिलाएं और बुजुर्ग सुरक्षित नहीं है। पिछले दिनों ही उस्लापुर और लालखदान गोलीकांड उज्जवला होम में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, नेहरू नगर में बुजुर्ग महिला के साथ लूट अपराधियों के बुलन्द हौसलों का सबसे बड़ा उदाहरण है।
 
माफियों ने न्यायधानी को जकड़ा
 
      अमर के कार्यालय  से जारी प्रेस नोट में पूर्व मंत्री ने कहा कि राजधानी के साथ ही न्यायधानी को भी  ड्रग्स माफियों ने बुरी तरह जकड़ लिया है। कोयला और खनिज माफियाओं का नियम विरुद्ध कारोबार बेलगाम चल रहा है। अपराधियों पर पुलिस और प्रशासन का नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका है। अमर ने कहा कि जशपुर में स्कूली बच्ची के साथ सामूहिक व्यभिचार ने मानवता को शर्मसार किया है। सरकार के नुमाइंदों में घटनाक्रम के प्रति संवेदनशीलता का उम्मीद खत्म हो चुकी है। क्योंकि नुमाइंदे ही मामले या तो शामिल हैं..या फिर दबाने का प्रयास कर रहे हैं। 
 
डी.पुरंदेश्वरी ने किया रिचार्ज
 
        अमर अग्रवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी कैडर आधारित लोकतांत्रिक पार्टी है।  नई प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी  के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता और पार्टी जनों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।कांग्रेस के पास ना तो कोई नेता है और  ना ही कोई नीति ही है। राहुल गांधी को कांग्रेस के लोग  गंभीरता से लेते भी नहीं है।
 
राहुल गांधी पर साधा निशाना
 
               पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल में कहा किसान आंदोलन की आड़ में विदेशी  सेलिब्रिटीज  को भारतीय लोकतंत्र की जानकारी ही नहीं है। इसलिए उन्हें सोच समझकर टिप्पणी करनी चाहिए। केवल ट्विट करने से लोकतंत्र नही चलता है। भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और आंतरिक,  बाह्य मामलों का हल निकालने के लिए पूरी तरह सक्षम है। विपक्षी दलों को भी देश के अन्नदाताओ के नाम का सहारा लेकर अपने हितों को साधना बंद करना चाहिए। ताकि देश संवाद से समाधान की ओर बढ़ सके।
 
 
close