GAD के निर्देश के बावजूद कर्मचारी वक्त पर नहीं पहुँच रहे दफ्तर,कई जगह सन्नाटा

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ मे सप्ताह में दो दिन की छुट्टी और 5 डे वर्क लागू हुआ है।सामान्य प्रशासन विभाग के सख्त निर्देश के बावजूद कर्मचारी वक्त पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। मंगलवार को जांजगीर सहित कई जिलों में कलेक्टर ने इंस्पेक्शन कर 70 से ज्यादा कर्मचारियों को नोटिस भेजा था, वहीं वेतन कांटने का निर्देश भी दिया गया था। आज भी कई दफ्तरो मे सन्नाटा पसरा मिला।मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंगुली जिले के कई दफ्तरों में सुबह 10 बजे तक अधिकांश कर्मचारी दफ्तर नहीं पहुंचे। शिक्षा, उद्योग, ट्रायबल सहित करीब 70 फीसदी विभागों में निर्धारित समय पर भी सन्नाटा पसरा रहा। कर्मचारी के साथ-साथ अधिकारी भी नदारद नजर आये। इधर कर्मचारियों की इस नाफरमानी से कलेक्टर नाराज दिखे। उन्होंने साफ कहा है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

बता दे कि 26 जनवरी को मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के लिए 5डे वीक का ऐलान किया था। मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद 5 फरवरी से 5डे वीक का आदेश जारी हो गया है। 5 डे वीक के नियम के साथ-साथ कार्यालयीन समय में भी बदलाव किया गया है, जिसके तहत सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कर्मचारियों का वक्त दफ्तर के लिए निर्धारित किया गया था। लेकिन कर्मचारी इस वक्त का पालन नहीं कर रहे थे।जिसके बाद कल जीएडी ने निर्देश जारी कर कर्मचारियों को समय का पालन करने को कहा था, वहीं वक्त पर दफ्तर नहीं पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी बात कही गयी थी। लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी वक्त पर आफिस नहीं पहुंच रहे हैं.

कमिश्नर डॉ. संजय अलंग ने बुधवार को सवेरे 10 बजे अपने कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारियों को छोड़ सभी कर्मचारी उपस्थित पाये गये। उन्होंने कार्यालय खुलने का निर्धारित समय 10 बजे तक ऑफिस नहीं पहुंचे दोनो कर्मचारी रीडर श्री सी.के.तिवारी एवं सहायक वर्ग तीन संगीता चौहान को शो कॉज नोटिस जारी किये हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सप्ताह में पांच कार्य दिवस घोषित करते हुए सवेरे 10 बजे से कार्यालय खोलने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन संभाग के सभी जिलों में किया जा रहा है। कमिश्नर ने अपने कार्यालय के उपायुक्तों को सभी संभाग स्तरीय कार्यालयों का इस सिलसिले में निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. अलंग ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों को भी कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर राज्य शासन के आदेश का पालन सुनिश्चत करने को कहा है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close