DGP की 128 थानेदारों से बातचीत.. बताया..कैसे बनेगा आदर्श थाना.. बोड़ला थाना का दिया उदाहरण

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
रायपुर— मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी थानों को आदर्श थाना में विकसित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डीजीपी ने आदर्श थाना और आदर्श थाना प्रभारी योजना 1 जुलाई से शुरू करने का निर्देश दिया है। डीजीपी डीएम अवस्थी ने शुक्रवार को प्रदेश के 128 से अधिक थानेदारों से वीडियो कॉलिंग एप के जरिए बातचीत की । निर्देश दिया कि जो भी आदर्श थाना के तय मापदंडों पर खरा उतरेंगे उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
 
                     डीजीपी डीएम अवस्थी शुक्रवार को वीडियो कालिंग से प्रदेश के करीब 128 थाना प्रभारियों से रूबरू हुए। डीजीपी ने सभी थाना प्रभारियों को बताया कि आदर्श थाना के कुछ मापदंड तय किये गये हैं। मापदण्ड को पूरा करने वाले थाना प्रभारियों को सरकार सम्मानित करेगी।
 
               डीजीपी ने इस दौरान आदर्श थाना के मापदण्डो को लेकर चर्चा की। उनोहने बताया कि  थानों में आमजन के साथ थाना प्रभारी और अन्य स्टाफ का आचरण महत्वपूर्ण होगा। पीड़ित व्यक्ति, महिलाएं और बच्चे थानों में बैखौफ होकर अपनी बात कहने की स्थिति में रहें। फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखना होगा। समस्याओं का तत्काल समाधान करने वाले थाने आदर्श थाना के तहत आएंगे। डीजीपी ने यह भी कहा हा कि गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस कठोरतम कार्रवाई करे। थाना में रिकॉर्ड का रखरखाव भी अच्छा हो।
    
           थाना परिसर का वातावरण ऐसा हो कि प्रवेश करते ही मन-मस्तिष्क में सकारात्मक प्रभाव पड़े। आदर्श थाना बनने के लिये सभी थाने आपस में स्वस्थ्य प्रतियोगिता रखेंगे।  जिससे ज्यादा से ज्यादा थाने आदर्श बनेंगे।
 
        इस अवसर पर एडीजी आर के विज, हिमांशु गुप्ता, दुर्ग आईजी विवेकानंद सिन्हा, रायपुर आईजी डॉ आनंद छावड़ा, एआईजी राजेश अग्रवाल, डीएसपी  कवि गुप्ता विशेष रूप से मौजूद थे।
 
बोड़ला थाना को मिला केंद्र सरकार से आदर्श थाना का पुरस्कार
 
               डीजीपी ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के लिये गर्व की बात है कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना को केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से आदर्श थाना का पुरस्कार मिला है।  डीजीपी डीएम अवस्थी ने दुर्ग आईजी विवेकानंद सिन्हा, कबीरधाम जिले के एसपी के एल ध्रुव और बोड़ला थाना टीआई संतराम सोनी को प्रमाण पत्र दिया। बताते चलें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से छत्तीसगढ़ के 465 थानों में से बोड़ला थाना को एनुअल रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन 2019 में सर्वश्रेष्ठ थाना चुना गया है।
TAGGED:
close