जिला योजना समिति चुनावः 16 में 14 सदस्य निर्विरोध..भाजपा के 3 चेहरे भी शामिल..अब दो पर होगा मतदान..कई कांग्रेसियों के मंसूबों पर फिर गया पानी

BHASKAR MISHRA
8 Min Read

बिलासपुर..जिला योजना समिति चुनाव घोषणा के बाद आज जिला पंचायत और स्वर्गीय लखीराम सभागार में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गयी। नामांकन प्रक्रिया के बाद यह जाहिर हो गया है कि समिति में तीन भाजपा चेहरों को स्थान दिया जाना निश्चित है। वही बहुमत के बाद भी चुनाव नही कराए जाने और समिति में स्थान नही दिए जाने को लेकर कुछ नेताओं ने भीतर ही भीतर गहरी नाराजगी जाहिर की है। यद्यपि मामले में संगठन अध्यक्ष प्रमोद और विजय केशरवानी ने बताया कि समिति में भाजपा के तीन चेहरों से कुछ नहीं होना जाना है। क्योंकि समिति में कांग्रेस सदस्यों की संख्या अधिक है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                   जिला योजना समिति के 16 सदस्यीय टीम के लिए आज दो जगह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। यद्यपि यह प्रक्रिया केवल औपचारिक साबित हुई। खासकर जिला पंचायत में सभी नाम का फैसला सर्वसम्मति से किया गया। ऐसी ही स्थिति कमोबेश निगम में भी देखने को मिली। तीन स्थान के लिए केवल तीन लोगों ने ही नामांकन दाखिल किया। जबकि नगरपालिका और नगरपंचायत के एक एक स्थान के लिए खबर लिखे जाने तक तीन लोगों ने नांमांकन दाखिल किया है।

                    वही कांग्रेस के कुछ ऐसे चेहरे जिन्हें उम्मीद थी कि जिला कार्यसमिति में स्थान दिया जाएगा। अन्दर ही अन्दर इन चेहरों ने नाराजगी जाहिर की है। नाम नहीं छापने की सूरत में कांग्रेस के एक पार्षद और जिला पंचायत क्षेत्र के प्रतिनिधि ने बताया कि कार्यसमिति में भाजपा के चेहरों को स्थान दिया जाना ठीक नहीं है। यह जानते हुए भी कि दोनों जगह कांग्रेस की बहुमत है। बावजूद इसके कांग्रेसियों पर भाजपा के चेहरों को तरहजीह दिया उचित नही है। मामले में ऊपर शिकायत करेंगे।

              नाराज कांग्रेसी ने बताया कि पन्द्रह साल तक जिला योजना समिति में किसी कांग्रेसी को स्थान नहीं दिया गया। अब जबकि हमारे पास बहुमत है। यह जानते हुए भी कि चुनाव की स्थिति में जिला योजना समिति में किसी भी भाजपा नेता को स्थान नहीं मिलेगा। बावजूद इसके उन्हें स्थान देना संघर्ष करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है।

जिला पंचायत में कुल 11 स्थान.11 नामांकन दाखिल

                 बताते चलें कि जिला कार्ययोजना में कुल 16 में से 11 सदस्यों का चुनाव जिला पंचायत जनप्रतिनिधियों के बीच होना है। जिला पंचायत मे 11 लोगों ने ही नामांकन दाखिल किया। इसमें दो चेहरे भाजपा के शामिल है। एक कांग्रेस जनप्रतिनिधि ने बताया कि जिला पंचायत में कांग्रेस के कुल 16 सदस्य है। जबकि भाजपा के मात्र 6 चेहरे ही चुनाव जीतकर आए है। यदि मतदान होता तो  भाजपा की हार निश्चित थी।

 निगम में कुल 3 स्थान..तीन ही नामांकन दाखिल

            जिला कार्ययोजना समिति के लिए निगम से कुल तीन सदस्यों का चुना जाना है। निगम में कांग्रेस के पास कुल 37 और भाजपा खेमा में 32 पार्षद हैं। शेख गफ्पार के निधन के चलते एक स्थान खाली है। कांग्रेस के एक पार्षद ने बताया कि यदि चुनाव होता तो कांग्रेस की जीत निश्चित थी। बावजूद इसके भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से किसी ने नामाकन नहीं दाखिल किया।  नगर पंचायत और पालिका से एक एक सदस्य

               जिला योजना समिति में एक एक सदस्य नगर पंचायत और नगर पालिका से लिया जाना है। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस की तरफ से नगर पंचायत बोदरी पार्षद देवी सिंह ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने नगर पंचायत गौरेला के जायसवाल को मैदान में उतारा है। वहीं नगर पालिका के एक स्थान के लिए कांग्रेस की तरफ से रतनपुर पार्षद रामगोपाल कहेरा औऱ भाजपा के ईश्वर देवांगन आमने सामने होंगे। 

 गुरूवार को होगा मतदान

                नगर पालिका और नगर पंचायत एक एक सदस्यों के लिए गुरूवार को मतदान किया जाएगा। मतदान में 6 नगर पंचायत और 2 नगर पालिका के सदस्य मतदान करेंगे। जबकि जिला पंचायत और नगर निगम के सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो चुका है। 14 सदस्यों के नाम का औपचारिक एलान ही बाकी है। 

 समन्वय और सौहार्ध की कोशिश        

                 जिला योजना समिति में भाजपा के चेहरों को मौका दिए जाने के सवाल पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण चौहान, जिला काग्रेस शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने बताया कि समिति में बहुमत कांग्रेस की है। भाजपा के तीन चेहरों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारा प्रयास है कि जिले के विकास में सभी दलों की भागीदारी हो। ताकि सौहार्धपूर्ण वातावरण में विकास कार्यों को गति दिया जा सके। 

                   मामले में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि जिला पंचायत सदस्यों के आपसी समन्वय से चुनाव हो रहा है। विकास कार्यों में जिला पंचायत की भूमिका अहम होगी। मेयर रामशरण यादव ने बताया कि चुनाव संगठन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसमें हमारी किसी प्रकार की भूमिका नहीं है।

 किन भाजपा चेहरों को मिली जगह   

               जिला कार्य योजना समिति में जिला पंचायत से भाजपा से चांदनी भारद्वाज के अलावा घनश्याम कौशिक को कांग्रेस ने वाक ओव्हर दिया है। जबकि निगम में दुर्गा सोनी को समिति में  निर्विरोध स्थान दिया गया है।      

मिली भगत का खेल

          जिला योजना समिति में भाजपा चेहरों को महत्व दिए जाने पर कई भाजपा पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की है। नाम नहीं छापने की सूरत में एक पार्षद और जिला पंचायत प्रतिनिधि ने बताया कि यह चुनाव नहीं..बल्कि मिली भगत का खेल है। 15 साल तक कई कांग्रेसियों  का नाता भाजपा नेताओं से था…। और हमारा हक मारकरन समिति में अहसान उतारा जा रहा है। भाजपा नेताओ को समिति में मौका दिया जा रहा है। जबकि हमने पन्द्रह साल तक दरी उठाने का काम किया। अब हम ही किनारे लगाया जा रहा है। हम इसकी शिकायत संगठन में ऊपर तक करेंगे।

निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों का नाम

          जिला पंचायत से निर्विरोध निर्वाचित कांग्रेस सदस्यों के नाम जितेन्द्र पाण्डेय, राजेश्वर भार्गव, शुभम पेन्ड्रो.आनन्द, पुष्पेश्वरी तंवर,स्मृति त्रिलोक श्रीवास, किरन संतोष यादव, गोदावरी बाई कमल सेन। भाजपा सदस्यों के नाम  चांदनी भारद्वाज और घनश्याम कौशिक

                     नगर निगम से निर्विरोध निर्वाचित सदस्य विष्णु यादव और श्याम पटेल है। जबकि भाजपा पार्षद दुर्गा सोनी भी निर्विरोध निर्वाचित हुए है।

close