बिलासपुर— सिविल लाइन पुलिस ने दोपहर को लोगों की सूचना पर सरजू बगीचा पहुंचकर आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी नंगी तलवार लेकर चौक पर आने जाने वालों को धमकाते पाया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया है
सिविल लाइन थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि दोपहर को जानकारी मिली कि एक आरोपी पागल दशा में सरजू बगीचा चौक पर तलवार लहरा रहा है। तलवार की साइज बहुत बड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को मशक्कत के बाद धर दबोचा गया।
आरोपी ने पुलिस को अपना नाम रजनीश ओझा बताया। रजनीश ओझा सरजू बगीचा का ही रहने वाला है। शनिप रात्रे ने जानकारी दी कि समय पर अपराध को घटित होने से पहले ही आरोपी को धर दबोचा गया। आरोपी आदतन बदमाश है। धोखाधड़ी हत्या का प्रयास जैसे कई मामलों में गिरफ्तार भी हो चुका है। आरोपी के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गयी है।