बलरामपुर जिले का IG ने किया वार्षिक निरीक्षण,जनता से करें सौहार्द पूर्ण व्यवहार-यादव

Shri Mi
3 Min Read

रामनुजगंज(पृथ्वीलाल केशरी)सरगुजा संभाग के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने जिले का वार्षिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र में परेड का जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ ही थाना रामानुजगंज और थाना पस्ता का भी निरीक्षण किया। बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को इनाम दिया तो वही लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाते हुए सजा भी दी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा अजय यादव को रक्षित निरीक्षक बलरामपुर द्वारा परेड की सलामी दी गई।

Join Our WhatsApp Group Join Now

परेड की सलामी पश्चात पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा निरीक्षण परेड में उपस्थित अधिकारी,कर्मचारियों के टर्न आउट की जांच की गई। अच्छे टर्नआउट वाले अधिकारी,कर्मचारी को इनाम व खराब टर्न आउट वाले अधिकारी, कर्मचारी को सजा दी गई। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा निरीक्षण परेड में उपस्थित अधिकारियों से बारी-बारी टोलीवार परेड ड्रिल कमांड कराया गया। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा वाहन शाखा का निरीक्षण किया गया, वाहन शाखा में चालक डायरी अद्यतन नही होने तथा वाहनों का रख रखाव सही नही पाए जाने पर वहां शाखा प्रभारी को सजा देकर दंडित किया गया।

निरीक्षण परेड के दौरान डाग मास्टर के द्वारा पुलिस डाग से भी पुलिस महानिरीक्षक को सलामी दिलवाई गई। पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने रक्षित केंद्र में दरबार लगाकर अधिकारी,कर्मचारियों को संबोधित किया एवं उनकी समस्याओं को सुना। कर्मचारियों की समस्याओं का यथासंभव निराकरण करने का आश्वासन दिया।उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जिन शाखाओं में कमियां पाई गई उनके शाखा प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समय सीमा निर्धारित कर कमियों को पूरा करने हेतु निर्देशित किया।

उनके द्वारा सभी प्रभारियों से कहा कि आम जनता को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आने पर किसी प्रकार की भी समस्या ना हो एवं आमजनता से सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कलिंग एग्रो कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों तथा जिले में चलाए गए नशा मुक्ति अभियान के दौरान अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बलरामपुर पुलिस द्वारा सूबेदार, उपनिरीक्षक, प्लाटून कमांडर भर्ती की तैयारी हेतु चलाए जा रहे निश्शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम उड़ान की प्रशंसा की। उन्होंने थाना रामानुजगंज का भी निरीक्षण किया।

थाना रामानुजगंज में दस्तावेजों का रखरखाव सही नही पाया गया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थाना पस्ता के निरीक्षण में कमियों को शीघ्र दूर करने निर्देशित किया गया। यहां लंबित शिकायत, अपराध व मर्ग की संख्या अधिक पाए जाने पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक के साथ पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मोहित गर्ग,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आपरेशन प्रशांत कतलम,आइजी स्टेनो उप निरीक्षक(अ) पुष्पेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close