बिना मंडी पर्ची धान का अवैध परिवहन..सीपत तहसीलदार की कार्रवाई..210 कट्टी धान जब्त

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—(रियाज़ अशरफी)– अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कार्यवाही करते हुए सीपत के अतिरिक्त तहसीलदार ने दो ट्रैक्टरों में 210 कट्टी लगभग 84 क्विंटल धान की जब्ती बनाकर अग्रिम कार्यवाही के लिए पुलिस को सुपुर्द किया है।
 
            जानकारी देते चलें कि शनिवार को सुबह मटियारी के पास सीपत अतिरिक्त तहसीलदार शशिभूषण सोनी को धान की कट्टी से भरे एक साथ दो ट्रेक्टर दिखाई दिया। धान लेकर बिलासपुर की तरफ जा रहे ट्रैक्टर को अतिरिक्त तहसीलदार ने रोका। धान की बोरी को देखकर तहसीलदार को शक हुआ कि समर्थन मूल्य पर किसानों का  धान मंडी में खपाया जाता  है। जबकि शनिवार और रविवार को मंडी बंद रहता है। निश्चित रूप से बिचौलिया लोग धान को मंडी में अवैध रूप से खपाने के फिराक में है।
 
                    पूछे जाने पर ट्रेक्टर चालको ने बताया कि ट्रेक्टर क्रमांक सीजी 10 ई 0383 में 110 कट्टी धान भरा हुआ है। धान कौव्वाताल निवासी हंसराम पटेल का है। दूसरा ट्रेक्टर क्रमांक सीजी 10 डी 9604 में 100 कट्टी धान कौव्वाताल के ही राजकुमार साहू का है।  धान को कहा ले जाया जा रहा है इस सवाल का संतुष्टि पूर्वक जवाब नही दिया गया। 
 
                               तहसीलदार ने दोनों ट्रैक्टरों को तहसील कार्यालय में खड़ा करा दिया। धान मालिकों को बुलवाया गया।  धान मालिक हंसराम पटेल और राजकुमार साहू ने बताया कि उनका खुद का धान है ।  मटियारी (पंधी) स्थित मित्तल राइस मिल बेचने  जा रहे थे। तहसीलदार ने मंडी पर्ची के साथ वैध दस्तावेज मांगा। लेकिन दोनों ग्रामीण धान से सम्बंधित किसी भी प्रकार का दस्तावेज पेश नहीं किया। अतिरिक्त तहसीलदार ने मंडी अधिनियम  उल्लंघन के तहत 210 कट्टी (लगभग 84 क्विंटल) धान को जब्त किया। जब्त धान को थाना सीपत के अभिरक्षा में देकर मंडी निरीक्षक शुभम कुमार सोनी को कार्यवाही का निर्देश दिया। 
TAGGED:
close