IMD Alert-पहाड़ों में कल से तेज बारिश और बर्फबारी, मैदानी इलाकों में 24 से 27 के बीच गिरेगा पानी

Shri Mi
3 Min Read

IMD Alertकश्मीर घाटी सहित पहाड़ी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों में 23 से 26 जनवरी के बीच तेज बारिश व बर्फबारी होगी वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 24 से 27 जनवरी के बीच बारिश की संभावना है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है। 24 और 27 जनवरी के बीच इन राज्यों में बारिश बढ़ सकती है और 24 और 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, जबकि पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना है।पिछले 24 घंटों के दौरान लद्दाख व हिमाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हुआ। वहीं उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, बिहार के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और गुजरात में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा और हिसार इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम है। वहीं, अंबाला में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, जबकि करनाल में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अनंतनाग जिले के पहलगाम में पिछले 24 घंटे में 13 इंच बर्फबारी हुई

कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कमी के बीच शनिवार तड़के कुछ इलाकों में रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम में पिछले 24 घंटे में 13 इंच, कोकेरनाग में आठ इंच, काजीगुंड में छह इंच और शोपियां में चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं श्रीनगर, गांदरबल और कुछ अन्य मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।

खराब मौसम से कश्मीर घाटी में हवाई उड़ानों की आवाजाही पर असर

खराब मौसम के कारण घाटी से आने-जाने वाली उड़ानों पर भी असर पड़ा है और कई उड़ानों में देरी हुई हैं। श्रीनगर और काजीगुंड को छोड़कर, शुक्रवार की रात हर जगह न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर में पारा एक रात पहले शून्य से 0.1 डिग्री नीचे से घटकर शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे हो गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

TAGGED:
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close