Weather Update: मैदानों में कश्मीर जैसे हालात, यहां तो शून्य, राजधानी में 1.5 डिग्री तापमान, जानिए अन्य शहरों के हाल

Shri Mi
3 Min Read

Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली (Delhi Weather) में शीत लहर (Cold Wave) का कहर जारी है। ठंड के कारण दिल्ली में घना कोहरा देखा गया। राजस्थान के चूरू में शून्य, वहीं दिल्ली में 1.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे (Fog) का अलर्ट जारी किया। हालांकि, एयरपोर्ट ने कहा कि सभी उड़ानें फिलहाल सामान्य हैं।

Delhi Weather: दिल्ली में 1.5 डिग्री तापमान

दिल्ली रिज में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, राजस्थान के चूरू में 0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश में नौगांव 0.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया है। IMD के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, खराब मौसम और अन्य संबंधित मुद्दों के कारण दिल्ली हवाई अड्डे से लगभग 34 घरेलू प्रस्थान उड़ानें विलंबित हुईं। एयर पोर्ट पर अलग-अलग जगहों से आने वाली 12 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं।

7 जनवरी की ताजा जानकारी के मुताबिक कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 32 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में सर्दी अपने चरम पर है। कोहरे के चलते दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में कहीं-कहीं विजिबिलिटी लेवल शून्य के आसपास पहुंच गया। वहीं, पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई। दिल्ली, बिहार, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भी कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के बाद उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर और ठंड की स्थिति में कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी जिसके बाद उसकी तीव्रता में कमी आ सकती है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 7 से 9 जनवरी, 2023 के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10-13 जनवरी, 2023 के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, 11-13 जनवरी, 2023 के दौरान आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close