बड़ी खबरः सूने मकान में मिला अपहृत 6 साल का मासूम..बिलासपुर, जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई..आरोपी की हो रही गहन तलाश..पुलिस कप्तान ने कहा..नहीं बच सकता अपहरणकर्ता

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर—– बिलासपुर और जांजगीर की संयुक्त टीम ने बलौदा से अपहरण किए गए मासूम को मस्तूरी थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद किया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस अपहरणकर्ता की सघन तलाश कर रही है। घटना स्थल क्षेत्र में मौजूद पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि आरोपी कहीं आस पास ही गांव में छिपा हुआ है। देर रात तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किसी भी सूरत में वह बच नहीं सकता है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                   बताते चलें कि बुधवार जांजगीर जिले के बलौदा से एक 6 का मासूम कहीं गायब हो गया। परिजनों की शिकायत पर जांजगीर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए छानबीन शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 6 साल का मासूम को लेकर अपहरणकर्ता मस्तूरी थाना क्षेत्र में है। सायबर सेल से जानकारी मिलने के बाद जांजगीर पुलिस ने बिलासपुर पुलिस से सम्पर्क किया।

                 जानकारी के बाद बिलासपुर पुलिस कप्तान ने तत्काल  टीम बनाकर मस्तूरी थाना क्षेत्र में जांजगीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मस्तूरी थाना क्षेत्र के देवगांव में एक सूने मकान में दिखाई दिया है। पूरे दिन नजर रखने के बाद शाम को संयुक्त पुलिस टीम ने सूने मकान में धावा बोला। कार्रवाई के दौरान बच्चे को सकुशल बरामद किया गया।

                  लेकिन अपहरणकर्ता चकमा देने में कामयाब हुआ है। मामले में पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि संयुक्त टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। मौके की एक एक गतिविधियों पर नजर जमाए पुलिस कप्तान ने बताया कि आरोपी कहीं आस पास ही छिपा होगा। वह किसी भी हालत में बचकर नही निकल सकता है। आरोपी की गतिविधियों की लगातार जानकारी मिल रही है। जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा। फिलहाल बच्चा जांजगीर पुलिस की हिफाजत में परिजनों की निगरानी में है।

                   पुलिस कप्तान ने जानकारी दी कि फिलहाल सर्च अभियान जारी है। सफलता जरूर मिलेगी।

close