रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने कल और आज हुए शिक्षकों की तबादला सूची को निरस्त कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को दो आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी। जारी आदेश के अनुसार बालोद, कांकेर, जशपुर, राजनांदगांव और बलरामपुर जिले में स्थित उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पदस्थ 436 अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशासनिक आधार पर किए गए स्थानांतरण आदेश में कई लिपिकीय त्रुटियां परिलक्षित होने के कारण राज्य शासन में आदेश को निरस्त किया है। बता दें कि 436 अधिकारी कर्मचारियों की तबादला सूची 25 अगस्त को जारी की गई थी।
वही 26 अगस्त को जारी तबादला सूची को लेकर विभाग ने कहा कि बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में स्थित उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पदस्थ 225 अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशासनिक आधार पर किए गए स्थानांतरण आदेश में कई लिपिकीय त्रुटियों परिलक्षित होने के कारण उन्हें निरस्त किया गया है।भविष्य में इस संबंध में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।