नकाबपोशों ने घर घुसकर किया जानलेवा हमला…पत्नी और नातिन समेत BSNL कर्मचारी घायल..खंगाला जा रहा CCTV फुटेज

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर— सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित घऱ में घुसकर दो नकाबपोशो ने रिटायर्ड कर्मचारी और परिवार के अन्य दो सदस्यों पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार नकाबपोशो ने हमले में धारदार हथियार का प्रयोग किया है। हमले में बीएसएनएल रिटायर्ड कर्मचारी, पत्नी और नातिन को गंभीर चोट पहुंची है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
    सिविल लाइन पुलिस के अनुसार देर शाम दो नकाबपोशों ने नेहरू नगर स्थित बीएसएनएल रिटायर्ड कर्मचारी राधेश्याम जायसवाल के घर घुसकर हमला किया है। हमला धारदार हथियार से किया गया है। हमले में राधेश्याम जायसवाल, पत्नी और 15 साल की नातिन को चोट पहुंची है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार परिवेष तिवारी ने बताया कि तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 
थानेदार ने बताया कि घटना के समय 73 साल के राधेश्याम जायसवाल, पत्नी और 15 साल की नातिन घर में थी। शाम को दो युवक स्कार्फ और मास्क लगाए यकायक घर में दाखिल हुए। बारी बारी से परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में राधेश्याम जायसवाल के सिर में चोट पहुची है। 
पुलिस के अनुसार अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि  घटना को किस नीयत से अंजाम दिया गया है। मामले में लगातार पूछताछ की जा रही है। छानबीन के दौरान सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। यद्यपि लूट की बात सामने आ रही है। फिलहाल इस पर भी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। 
घटना की जानकारी के बाद डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गया है। एन्टीक्राइम टीम ने भी जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। परिवेष तिवारी ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में झगड़ा या दुश्मनी की भी बात सामने नहीं आई है। बहरहाल पुलिस जांच पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
close