MLA बृहस्पति सिंह का एक और धमकी कांड ऑडियो वायरल, पढ़िए- फोन पर DEO को क्या क्या कहा

Shri Mi
5 Min Read

रायपुर।कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह(Brihaspat Singh) का एक और धमकी कांड का ऑडियो (Audio) सामने आया है। इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज में एक सहायक खंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) को हटाने के लिए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को फोन पर धमकी दी है।जिला शिक्षा अधिकारी ने विधायक(MLA) को यह कह दिया कि संबंधित के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है तो किस आधार पर हटाउंगा, इसी बात पर विधायक भड़ गए। उन्होंने कहा, अब तू तय करेगा कि यहां किसको रखना है और किसको नहीं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

रामानुजगंज से विधायक बृहस्पत सिंह ने उनके यहां से ABEO गौरव एक्का को हटाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को कहा था। लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी ने ऐसा नहीं किया। भड़के हुए विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी को फोन कर धमकी दी। उन्हें हटाने की बात कही। यह भी कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी अब मुख्यमंत्री के आदेश को चुनौती दे रहे हैं। घटना पुरानी है, लेकिन उसकी कॉल रिकॉर्डिंग अब सामने आई है।’ विधायक बृहस्पत सिंह इस समय अंतरराष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का निमंत्रण लेकर सिक्किम गए हैं।

विधायक और DEO के बीच ऐसे चला संवाद

बृहस्पत सिंह – हां DEO साहब!
DEO – नमस्कार !

बृहस्पत सिंह– ये ABEO वाला भेजा था तो हो गया ऑर्डर?
DEO- नहीं-नहीं, उसकी कोई शिकायत तो नहीं है महोदय!

बृहस्पत सिंह– अरे यार, तू तय करेगा कि शिकायत है कि नहीं। किसको रखना या नहीं रखना।
DEO- नहीं, शिकायत तो कोई नहीं है। शिकायत होती तो कुछ होता।

बृहस्पत सिंह- मुझे आप समझाओ ना। आप तय करोगे क्या?
DEO- नहीं, जब कोई शिकायत नहीं है तो मैं क्यों हटाउंगा।

बृहस्पत सिंह- मुझे मत समझाओ। आप कर पाओगे, भेजोगे या नहीं, नहीं भेजोगे मुझे बताओ।
DEO- मैं नहीं भेज रहा हूं महोदय!

बृहस्पत सिंह- नहीं भेजोगे तो फिर आपको हटाने की बात करते हैं। पहले आपको ही हटा लेते हैं। आपको ही हटा लेते हैं ज्यादा नेतागीरी *** रहा है तो।
DEO- ठीक है महोदय!

बृहस्पत सिंह- अधिकारी का काम करने का है कि नेतागीरी करने वहां गया है।
DEO- कहां नेतागिरी कर रहा हूं मैं।

बृहस्पत सिंह- और क्या कर रहे हो। क्या कर रहे हो ये?
DEO- मैं नेतागीरी कहां कर रहा हूं?

बृहस्पत सिंह- मैं क्या बोल रहा हूं। जब लगातार मेरे पास शिकायत है तो आपके पास शिकायत आएगा।
DEO- तो कोई शिकायत मुझे भी दीजिए ना।

बृहस्पत सिंह- आप उससे कितना महीना लेते हो। वसूली करते हो। कितना महीना कमीशन लेता है उससे?
DEO- कौन बोला है यह कि कमीशन लेता हूं।

बृहस्पत सिंह- मैं पूछ रहा हूं कि कितना महीना कमीशन लेते हो।
DEO- कभी कमीशन नहीं लिया हूं।

बृहस्पत सिंह- फिर क्या लगता है वह, रिश्तेदारी है आपकी उससे?
DEO- नहीं, कोई रिश्तेदारी नहीं है।

बृहस्पत सिंह- फिर, क्यों हटाना नहीं चाहते? मुख्यमंत्री के आदेश को चुनौती करेगा?
DEO- कोई शिकायत तो है नहीं।

बृहस्पत सिंह- सुन यार, मुख्यमंत्री ने आदेश किया है। अब मुख्यमंत्री के आदेश को चैलेंज करेगा।
DEO- कहां आदेश है मुख्यमंत्री का?

बृहस्पत सिंह- आप कलेक्टर से बात करो। मुख्यमंत्री के आदेश को चुनौती दे रहा है ना।
DEO- कौन चुनौती दे रहा है?

बृहस्पत सिंह– (अपने पास बैठे किसी से) DEO का नोटशीट बनाओ। ये मुख्यमंत्री को चैलेंज कर रहा है DEO। जिला शिक्षा अधिकारी की इतनी औकात हो गई।

जिला शिक्षा अधिकारी बी. एक्का ने बताया, कुछ दिन बाद कलेक्टर के यहां मुख्यमंत्री का निर्देश आया। उसके बाद संबंधित ABEO गौरव एक्का को वहां से हटा दिया गया है। इसी ट्रांसफर के लिए यह विवाद हुआ।विधायक बृहस्पत सिंह ने दो दिन पहले ही स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम पर ट्रांसफर-पोस्टिंग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। उनका कहना था, मंत्री के यहां से उनकी मांगों की सुनवाई नहीं हो रही है। एक सिंडिकेट काम कर रहा है। मंत्री ने इन आरोपों से इंकार किया। उनका कहना था, इस समय सामान्य ट्रांसफर-पोस्टिंग तो हो ही नहीं रहा। जो हो रहा है वह समन्वय के आधार पर। जिसका अनुमोदन मुख्यमंत्री के यहां होता है।

विधायक बृहस्पत सिंह ने जुलाई में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। इस आरोप ने कांग्रेस और सरकार दोनों की खूब किरकिरी कराई। विधानसभा की कार्रवाई ढाई दिन तक बाधित रही। सिंहदेव ने सदन छोड़ दिया। बाद में बृहस्पत सिंह ने इसके लिए माफी मांग ली। उसके बाद से ही छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का विवाद दिल्ली दरबार में पहुंचा हुआ है।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close