मेरठ भागने से पहले हत्या का आरोपी पकड़ाया.. इलाज के दौरान..आरोपी से हथियार भी बरामद

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—सिरगिट्टी पुलिस ने रिपोर्ट के बाद हत्या कर फरार होने से पहले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में उपयोग किए गए डंडा को भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम भवानी नगर निवासी शिव प्रकाश उर्फ दीपू मिश्रा है। 
 
                 सिरगिट्टी थानेदार फैजूल शाह होदा ने बताया कि भवानी नगर निवासी दशरथ सिंह ने  रिपोर्ट दर्ज कराया कि 30 दिसम्बर 2021 को रात्रि बेटा बबलू सिंह उर्फ नीलोत्पल सिंह घर पहुंचा। बबलू ने बताया कि शिव प्रकाश उर्फ दीपू मिश्रा उसके साथ गाली गुफ्तार और मारपीट किया है। मारपीट की घटना के दूसरे दिन तक नीलोत्पल की स्थिति सामान्य थी।
 
                 दशरथ ने बताया कि एक दिन बाद नीलोत्पल की तबीयत बिगड़ गयी।  बेहतर इलाज के लिए बेटे नीलोत्पल ऊर्फ बबलू को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर चिकित्सालय रायपुर में भर्ती कराया।  इलाज के दौरान बबलू उर्फ निलोत्पल सिंह की 15 जनवरी 2022 को मौत हो गयी।
 
               दशरथ ने थाना सिरगिट्टी में मर्ग कायम कराया। जांच पड़ताल के दौरान पाया गया कि प्रकरण के आरोपी दीपू मिश्रा ने नीलोत्पल सिंह के सिर पर डंडा से हमला किया था। जिससे नीलोत्पल के सिर में गंभीर चोट पहुंची। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
 
     फैजूल शाह ने बताया कि मौत की जानकारी के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 का अपराध जोड़ा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वस्तुस्थिति से आलाधिकारियों को संज्ञान में लाया गया।
 
          पुलिस कप्तान के निर्देश पर थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया। आरोपी को मेरठ उत्तरप्रदेश भागने से पहले ही बस स्टैंड तिफरा से हिरासत में लिया गया। जल्द ही आरोपी को न्यायालय के हवाले किया जाएगा।
 
               आरोपी की धरपकड़ कार्रवाई में थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह, प्रधान आरक्षक मनोज सिंह राजपूत आरक्षक प्रशांत राठोर , जलेश्वर सिंह राजपूत की अहम भूमिका रही।

Join Our WhatsApp Group Join Now
close