नारायण चंदेल नए नेता प्रतिपक्ष,BJP मे एक महीने के भीतर दूसरा बड़ा बदलाव

Chief Editor
2 Min Read

रायपुर। चांपा के विधायक नारायण चंदेल छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुन लिए गए हैं। बुधवार को राजधानी में भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला किया गया। नारायण चंदेल नए नेता प्रतिपक्ष के रूप में धरमलाल कौशिक का स्थान लेंगे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

इस महीने के अंदर छत्तीसगढ़ भाजपा में यह दूसरा बड़ा बदलाव है। हाल ही में बीजेपी ने विष्णु देव साय की जगह बिलासपुर सांसद अरुण साव को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में बीजेपी पार्टी के अंदर कसावट लाने के लिए बड़े फेरबदल कर रही है। इसी कड़ी में जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बदले गए तब से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भी बदला जाएगा। अटकलों के साथ ही कई नाम भी सामने आते रहे। लेकिन बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में आम राय से नारायण चंदेल का नाम तय होने के बाद अब अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया है। बैठक में भाजपा के संगठन मंत्री अजय जामवाल ,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव भी मौजूद थे। भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी भी बुधवार को ही दिल्ली से रायपुर पहुंची। खबर थी कि हाईकमान ने नए नेता प्रतिपक्ष के का नाम तय कर दिया है। नए नाम का लिफाफा लेकर प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी रायपुर पहुंची और भाजपा विधायक दल की बैठक में इस नाम पर अंतिम मुहर लगा दी गई। 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के में मिली करारी हार के बाद बिल्हा के विधायक धरमलाल कौशिक को नेता प्रतिपक्ष की कमान बीजेपी ने सौंपी थी। उनकी जगह अब नया नेता चुन लिया गया है।।

close