महिला आयोग की अध्यक्ष बोलीं- सीएम के टालमटोल रवैए से काम करती है पुलिस,महिलाओं को नहीं मिलता न्याय


जयपुर।राजस्थान में महिला अपराध के 50 फीसदी केस झूठे होने के सीएम अशोक गहलोत के बयान पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने सवाल उठाए हैं। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, गहलोत सरकार और राजस्थान पुलिस के टालमटोल वाले माइंडसेट से काम करने के कारण महिलाओं को न्याय नहीं मिल पा रहा है। दरअसल, शुक्रवार को सीएम अशोक गहलोत ने कहा था कि कम्पल्सरी एफआईआर के कारण प्रदेश में अपराध के आंकड़े बढ़े हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आधे से ज्यादा केस झूठ होते हैं। दुष्कर्म की घटनाएं करने कोई विदेशी आता है क्या? अधिकांश घटनाएं परिवार के जान-पहचान वाले ही करते हैं, या उनमें अपने शामिल होते हैं। सीएम ने कहा, महिला अपराध के जो केस हैं, उसमें आधे से ज्यादा यानी करीब 56 फीसदी झूठे हैं। प्रदेश में अपराध कंट्रोल में है।
इसके जवाब में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि, महिलाओं के खिलाफ अपराध के 50 फीसदी केस झूठे बताकर गहलोत अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं। मुख्यमंत्री की तरह उनकी पुलिस का रवैया भी टालमटोल वाला है। राजस्थान की पुलिस भी गहलोत की तरह ही काम करती है। इस कारण महिलाओं को न्याय नहीं मिल पाता है।