सीमांकन में देरी करने वाले तहसीलदारों को जारी होगा शो-कॉज नोटिस

Chief Editor
4 Min Read

dayanand_p_bsp_indexबिलासपुर।जिले के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्टर  पी. दयानंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने छः माह से अधिक समय तक सीमांकन प्रकरण लंबित रखने वाले तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नक्शा अपडेशन के साथ-साथ बटांकन का कार्य भी होना चाहिए। जिले में नामांतरण के प्रकरण जो छः माह से अधिक समय से लंबित है, उन पर भी कलेक्टर ने असंतोष जारी किया। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों से कहा कि मौके पर जाकर देखें कि लंबित प्रकरणों की संख्या क्यों बढ़ रही है। उन्होंने न्यायालयवार प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। प्रकरणों को समयसीमा में निपटारा करने कहा। समय पर रिपोर्टिंग नहीं करने पर तहसीलदारों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पटवारी, आरआई के कार्यालय में यदि बाहरी व्यक्ति सरकारी कामकाज करते पाये गये, तो उन पर गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जायेगा।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                                               कर्मचारी अपना कार्य गंभीरता से करे यह देखना अधिकारी का कार्य है। ई-कोर्ट में दर्ज होने वाले प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि ई-कोर्ट में प्रकरणों को इस माह तक दर्ज करें। पटवारियों द्वारा डिजिटल सिगनेचर से अभिलेखों के सत्यापन कार्य की प्रगति पर असंतोष जताया। भूईयां भू-नक्शा में अंतर की प्रगति, अभिलेख अद्यतन, नक्शा बटांकन, कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक आरआई सर्किल में हर माह कम से कम 200 बटांकन अनिवार्य रूप से होना चाहिए। जो आर.आई. यह नहीं करेंगे, उन पर कार्यवाही की जायेगी। खातों में आधार सीडिंग कार्य में गति लाने के निर्देश दिये।

फसल कटाई प्रयोग गंभीरता से करें –
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत मोबाईल एप के माध्यम से फसल कटाई प्रयोग एवं डाटा एन्ट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। इस वर्ष फसल कटाई प्रयोग मोबाईल एप से किया जा रहा है। मक्का, उड़द फसल पर फसल कटाई प्रयोग हो रहे हैं। जिले के 645 ग्राम पंचायतों में धान सिंचित के लिए 2072, धान असिंचित के लिए 2272, मंूगफली फसल के लिए 95, तुअर फसल के 112, सोयाबीन फसल के लिए 16, मक्का फसल के लिए 544, उड़द फसल के लिए 88 इस तरह 5 हजार 200 फसल कटाई प्रयोग करने का लक्ष्य है। कलेक्टर ने फसल कटाई प्रयोग के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। फसल कटाई प्रयोग के आधार पर ही किसानों को फसल बीमा का लाभ मिलेगा।

समय पर हो जाये भू-अर्जन का मुआवजा वितरण-
बैठक में भू-अर्जन के प्रकरण की जानकारी ली। भू-अर्जन के 313 प्रकरणों में से 127 प्रकरण निराकृत किये गये हैं। कलेक्टर ने कहा कि त्वरित गति से लंबित प्रकरणों का निराकरण करें और समय पर मुआवजा वितरित हो जाये। सार्वजनिक उद्देश्य से किये जा रहे भू-अर्जन की जमीन की खरीदी, बिक्री हो रही है, तो इसके लिए तहसीलदार और आरआई को जिम्मेदार माना जायेगा। कलेक्टर ने सूखें से निपटने हेतु कार्ययोजना की समीक्षा की और कहा कि सिंचाई के लिए तालाब या नहर काटे जाते हैं, तो तत्काल गिरफ्तारी की जाये।

close