फिर शुरू होगा सुराजी अभियान

Shri Mi
5 Min Read

उत्तर बस्तर कांकेर-जिले में 15 दिसम्बर से पुनः सुराजी अभियान प्रारंभ किया जायेगा। इस अभियान के तहत् जिले के सभी पात्र व्यक्तियों जिनमें विद्यार्थी एवं अन्य युवक-युवती भी शामिल हैं, उनका जाति प्रमाण-पत्र बनाया जायेगा। छूटे हुए सभी पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाये जायेंगे। पात्रतानुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाया जायेगा और फौती-नामांतरण के कार्य भी किये जायेंगे। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए घर-घर सर्वे किया जायेगा तथा सर्वे पश्चात् पात्र व्यक्तियों को फार्म भरवाये जायेंगे और उन्हें लाभान्वित किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को आगामी माह फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने ई-जनचौपाल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ को निर्देषित किया है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला कार्यालय तक आना पड़ता है, इससे उनका समय व धन दोनों का अपव्यय होता है। ई-जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणजन अपने विकासखण्ड के जनपद कार्यालय में उपस्थित होकर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सीधे कलेक्टर से बात कर अपनी समस्या को बता सकते हैं। उन्होंने ई-जनचौपाल का ग्राम पंचायत में दीवार लेखन कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। गोधन न्याय योजनांतर्गत गौठानों में गोबर की खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण तथा उसके विक्रय की समीक्षा भी उनके द्वारा किया गया तथा सभी गौठानों में निर्धारित मात्रा गोबर की खरीदी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय पर भी जोर दी गई।

गांव के सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच करें-कलेक्टर
मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि चिकित्सा टीम के सभी सदस्य निर्धारित बाजार दिवस को समय पर पहुंचे और गांव के लोगों का स्वास्थ्य जांच भी किया जाये। 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का गैर संचारी रोग की जांच करने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में भी गैर संचारी रोगों के स्क्रीनिंग करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी प्रकार गर्भवती माताओं और स्कूली बच्चों का हिमोग्लोबिन जांच करने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये। सभी एसडीएम को मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना के तहत् हाट-बाजारों में उपचार का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया गया।

नरवा विकास के कार्यों में गति लाने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने नरवा विकास के कार्यों में गति लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने आज समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ किया जाये तथा सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जावे। क्लस्टर-01 के सभी कार्यों को जनवरी माह तक एवं क्लस्टर-02 के कार्यों को मार्च महीने तक और क्लस्टर-03 के कार्यों को मई महीने तक पूरा करने के निर्देशित किया।

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला द्वारा जिले में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत  एवं जिला स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। मौसम को दृष्टिगत रखते हुए खरीदे गये धान की सुरक्षा के लिए केप कव्हर की व्यवस्था रखने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये तथा सभी नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्रों का लगातार दौरा करने के लिए निर्देशित किया गया। जिले के सभी विद्यार्थियों जेईई का फॉर्म भरवाने के निर्देश भी उनके द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को दिये गये। उचित मूल्य दुकानों से उपभोक्ताओं को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी उन्होंने खाद्य अधिकारी को दिये। सभी एसडीएम को ग्राम पंचायत सचिवों, सरपंचों एवं सेल्समेन की बैठक लेकर विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया गया। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिये गये। बैठक में अपर कलेक्टर एस. अहिरवार, डीएफओ जाधव  श्रीकृष्ण एवं शशि गानंदन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल सहित सभी जिला अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close