बिलासपुर।तुर्काडीह अंडरब्रिज के पास कनपटी पर पिस्टल अड़ाकर बाइक सवार नकाबपोशों ने मंगलवार की रात ड्यूटी पर जा रहे स्टेशन मास्टर से लूटपाट की। उनकी गाड़ी के सामने बाइक अड़ाकर मोबाइल, गाड़ी व ड्यूटी बैग छीनकर भाग निकले। घटना कोनी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस लुटेरों की पतासाजी में जुटी हुई है। मंगला निवासी गोपाल कुमार जायसवाल पिता देवनारायण (42) का महर्षि स्कूल के पास मकान है। वे गायत्री विला में रहते हैं और स्टेशन
मास्टर हैं। 2016 से घुटकू स्टेशन में पदस्थ हैं।
मंगलवार 27 दिसंबर को उनकी नाइट ड्यूटी थी। वे रात 10.30 बजे बाइक से ड्यूटी जाने के लिए निकले। तुर्काडीह अंडरब्रिज पार कर घुटकू की ओर जा रहे थे। इसी बीच दो बाइक सवार पहुंचे और उनकी गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी। इनमें से एक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दिया। इसके बाद दोनों गोपाल की बाइक, मोबाइल व बैग लेकर भाग गए। पीड़ित ने सुबह थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई।