मोदी सरकार की गलत नीतियों से जनता रो रही खून के आंसू..तेल ने निकाला जनता का तेल..अभय ने कहा..पेट्रोल डीजल, खाद्य तेल में लगी आग

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—-पेट्रोल डीजल खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने मोदी की केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रेस नोट जारी कर अभय नारायण राय ने बताया कि देश महंगाई की आग में जल रहा है। रोजगार देने का वादा कर के भी केन्द्र सरकार युवाओं को नौकरी देना तो दूर बल्कि नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा रही है। अभय ने कहा कि आम जनता को मोदी सरकार की गलत फैसलों से महंगाई डायन खा रही है।

           प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल की कीमत आसमान छू रही है। इसी तरह मोदी सरकार की गलत नीतियों से देश कोरोना संक्रमण की मार झेल रहा है। अब तक लाखों लोगों ने अपनो को खो दिया है। दूसरी ओर बेवजह देश की जनता को मोदी सरकार ने महंगाई की आग में झोंक दिया।

               अभय ने प्रेस नोट में बताया कि प्रदेश का अधिकतर नागरिक रेल व बस बंद होने की वजह से अपने निजी वाहनों का प्रयोग कर रहा है। दूसरी तरफ सरकार पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है। पिछले डेढ़ वर्षो में कोरोना से उत्पन्न लॉकडाउन के चलते पेट्रोल डीजल की खपत भी कम हुई है।

                प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि, देश मे पेट्रोल-डीजल रसोई गैस की कीमत बेवजह बढ़ायी जा रही है। यह जानते हुए भी क्रूड ऑयल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में सबसे निचले स्तर पर है। तुलना करें तो 2014 से पहले  क्रूड आयल की कीमत 119 डालर हुआ करता था। बावजूद इसके देश में पेट्रोल की कीमत 55रुपए से 60रु प्रति लीटर था। कुछ ऐसा ही डीजल के साथ भी था। लेकिन इस समय क्रूड आयल की अन्तर्राष्ट्रीय कीमत 63 डालर प्रति बैरल है। लेकिन केन्द्र सरकार आम जनता को 100 रुपए प्रति लीटर की दर पेट्रोल दे रही है। आखिर केन्द्र की  मोदी सरकार देश की जनता से किस बात का बदला ले रही है। भाजपा नेताओं को कम से कम इसका जवाब जरूर देना चाहिए।

                 प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि खाद्य तेल मूंगफली, वनस्पति, सोयाबीन, सनफ्लॉवर, सरसों, पॉम ऑइल के दामो में लगभग 55 प्रतिशत की वृद्धि है। स्टेट सिविल सप्लाईज के आंकड़ों कहते हैं 11 साल में खाद्य तेल का दाम आसमान पर है। मतलब मोदी सरकार के आने के बाद से ही यह हालाता पैदा हुए हैं।

TAGGED: , , ,
close