बोड़सरा मेला समिति के साथ पुलिस और प्रशासन की बैठक..प्रशासनिक इंतजाम से खुश नजर आए सदस्य..हर गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
 
बिलासपुर—सालाना बोडसरा मेला की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशा्सन पूरी तरह से सजग है। व्यवस्था की गतिविधियों पर लगातार मानिटरिंग की जा रही है। पुलिस और प्रशासन आयोजक मंजल से मुलाकात कर व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने पर लगातार विचार विमर्श कर रहा है। इसी क्रम मे आज यानि 4 अप्रैल सोमवार को पुलिस और प्रशासन के साथ मेला समिति के सदस्यों के साथ सौहार्दपूर्ण वातारवण में चर्चा हुई।
 
            जानकारी देते चलें कि तीन दिवसीय बोडसरा धार्मिक मेला का आयोजन 6 अप्रैल से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा। बोड़सरा मेला ना केवल सतनाम पंथ के अनुयायी बल्कि आम जनता दूर दराज से पहुंचती है। व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक ना हो पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मेला समिति के सदस्यों से मुलाकात कर रही है। इसी क्रम में आज प्रशासनिक टीम के साथ मेला समिति की बैठक हुई।
 
        बैठक में मेला समिति के सदस्यों के अलावा कार्यपालक मजिस्ट्रेट सूर्यकांत केशकर, आकाश गुप्ता, थाना प्रभारी मनोज नायक ने शिरकत किया। सभी ने एक सुर में मेला में शांति व्यवस्था बनाकर रखने का संकल्प दुहराया। साथ ही व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
 
          थाना प्रभारी मनोज नायक ने बताया कि मेला के दौरान पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था होगी। पुलिस प्रशासन समिति के साथ खड़ा है। किसी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर हर पल नजर रहेगी।
 
           बैठक के दौरान मेला समिति की मांग पर प्रशासन और पुलिस प्रशासन  ने समुचित बिजली पानी का वादा किया है। ट्रांसफार्मर को 100KV में अपग्रेड कर दिया गया है। पेयजल के लिए एक नया बोर खनन भी कराया जा रहा है। साथ ही अन्य बोर को सुधारा भी जा रहा है।  3 हैंड पम्प चालू अवस्था में हैं।  रोड समतलीकरण के लिए 4 डम्फर मुरूम की व्यवस्था की गयी है। 
 
        पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एक एक गतिविधियों पर बराबर नजर रखी जा रही है।
close