प्रयागराज,भोपाल,जबलपुर उड़ान को मंजूरी..उड्डयन मंत्री ने दी सांसद को जानकारी,कहा-रिस्पांस मिलने पर महानगरीय सेवा का होगा फैसला

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—देश की राजधानी दिल्ली से गुरुवार की शाम को क्षेत्रवासियों के लिए एक अच्छी खबर आई है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी और  एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से मिलने पहुंचे सांसद अरुण साव को जानकारी दी गयी  कि बिलासा एयरपोर्ट चकरभाठा से भोपाल, प्रयागराज, जबलपुर के लिए हवाई सेवा अतिशीघ्र प्रारंभ हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है।
 
                 वर्षों से हवाई सेवा की बांट जोह रहे बिलासपुर क्षेत्रवासियों का इंतजार अब खत्म होता नजर आ रहा है। दिल्ली में भेंट के दौरान केंद्रीय मंत्री पुरी ने सांसद साव को बताया कि भारत सरकार की उड़ान योजना अंतर्गत 31 करोड़ रुपए खर्च कर बिलासा एयरपोर्ट चकरभाठा को अपग्रेड किया गया है। एक माह के भीतर ही एआरसी-3 सी लाइसेंस भी जारी कर दिया गया है।
 
               पुरी ने सांसद को बताया कि भोपाल-प्रयागराज-जबलपुर रुट पर हवाई सेवा प्रारंभ किए जाने की तैयारी है। शीघ्र ही क्षेत्रवासियों की मांग पूरी हो जाएगी। बाद में यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिलने पर अन्य एयरलाइंस कंपनियां भी आकर्षित होंगी। इसके बाद ही महानगरों के लिए सीधी उड़ान सेवा प्रारंभ होने का रास्ता साफ होगा।
 
            इस दौरान सांसद साव ने केंद्रीय मंत्री मंत्री  पुरी से बिलासा एयरपोर्ट चकरभाठा में वायुयानों के सुचारू आगमन के लिए डीव्हीओआर और एचपीडीएमई स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने बताया अंतिम आडिट करने चकरभाठा आई डीजीसीए की टीम ने नेविगेशन एड सुविधा के अंतर्गत डीव्हीओआर और एचपीडीएमई स्थापित कराने की सलाह दी थी।
close