10 करोड़ से ज्यादा के काम मे गड़बड़ी मिली तो सस्पेंड होंगे चीफ इंजीनयर,ठेकेदार भी नपेंगे

Shri Mi
3 Min Read

BAB4ACA6E1E35D1335FC06B4FD183359रायपुर।लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने नया रायपुर, निर्माण भवन में हुई बैठक में विभागीय काम-काज की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने का आवश्यक जिम्मा भी सौंपा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिवस निर्माणाधीन कार्यो का मौका निरीक्षण के भी निर्देश दिए। मूणत ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रदेश में माह दिसम्बर तक खासकर हर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य जिला मार्ग गड्ढा विहीन हो जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव सुबोध कुमार सिंह मौजूद थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                           लोक निर्माण मंत्री मूणत ने बैठक में मुख्यमंत्री के विशेष निगरानी वाले सभी 360 निर्माण कार्यो की प्रगति की भी समीक्षा की। इनमें अब तक अप्रारंभ 51 कार्यो को 30 नवम्बर तक हर हालत में शुरू किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। सड़क तथा भवन आदि के इन कार्यो में से अब तक 101 कार्य पूर्ण तथा 125 कार्य प्रगतिरत और 51 कार्य अप्रारंभ है। मूणत ने इस दौरान निर्माण कार्यो में गुणवत्ता के लिए अभियंताओं को आवश्यक जिम्मा भी सौंपा। इसके तहत 10 करोड़ रूपए से ऊपर के निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित मुख्य अभियंता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। इसी तरह पांच करोड़ रूपए से ऊपर 10 करोड़ रूपए तक के कार्य में गड़बड़ी पर संबंधित अधीक्षण अभियंता तथा एक करोड़ रूपए से ऊपर पांच करोड़ रूपए तक के कार्य में गड़बड़ी पर संबंधित कार्यपालन अभियंता और 50 लाख रूपए से ऊपर एक करोड़ रूपए तक के निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (लो.नि.बि.) के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई होगी।

                                 बैठक में लोक निर्माण मंत्री ने पूरे प्रदेश में सुगम आवागमन के लिए सड़कों को गड्ढा विहीन करने के लिए विभागीय अधिकारियों को विशेष जोर दिया। इसके तहत उन्होंने राज्य में खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य जिला मार्गों सहित प्रमुख ग्रामीण मार्गो को माह दिसम्बर तक हर हालत में गड्ढा विहीन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close