जयपुर।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि भारतवर्ष हिंदुओं का देश है, हिंदुत्ववादियों का नहीं। राहुल ने कहा कि मैं हिंदुत्ववादी नहीं बल्कि हिंदू हूं। आज देश को महंगाई और दर्द जैसी चीजें हिंदुत्ववादियों ने दी हैं। इन्हें हर हालत में सत्ता चाहिए। अपने वजूद को बचाने के लिए ही ये लोगों को बरगला कर हिंदुत्ववाद का झांसा देने में लगे हैं। इन्हें पता है कि अगर लोगों को बरगलाया नहीं तो सत्ता नहीं मिलने वाली है।
राजस्थान के जयपुर में ‘महंगाई हटाओ रैली’ में हिंदू और हिंदुत्ववाद को दो अलग अलग शब्द बताते हुए राहुल ने कहा कि जिस तरह से दो जीवों की एक आत्मा नहीं हो सकती, वैसे ही दो शब्दों का एक मतलब नहीं हो सकता। हर शब्द का अलग मतलब होता है। राहुल ने कहा कि हिंदू वह है जो किसी से नहीं डरता। वो सबको गले लगाता है। उन्होंने कहा कि 2014 से देश में हिंदुत्ववादियों का राज है। देश से हिंदुत्ववादियों को वापस निकालकर हिंदुओं का राज लाना है। गीता में लिखा है सत्य की लड़ाई लड़ो। आज झूठे हिंदू और हिंदुत्ववादी एक तरफ और देश के सच्चे हिंदू एक तरफ हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी जी व उनके तीन चार हिंदुत्ववादी मित्रों ने इस देश को आठ साल में बर्बाद कर दिया। देश को जनता नहीं चला रही, देश को तीन-चार पूंजीपति चला रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी उनका काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि इन पूंजीपतियों के पास देश बंधक बनाकर रख दिया गया है। सरकार इनके हिसाब से अपनी नीतियां तैयार करती है। मोदी जी ने 50 फीसदी गरीब आबादी के हाथ में सिर्फ 6% धन ही छोड़ा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बार-बार सवाल करती है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? मैं कहता हूं कि 70 साल की रट छोड़िए हमें यह बताइए आपने सात साल में क्या किया? कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में देश में जो कुछ बनाया था यह भाजपा सरकार उसे बेचना चाहती है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे।
राहुल ने कहा कि सरकारें दो तरह की होती हैं। एक सरकार का लक्ष्य सेवा, समर्पण व जनता से सच्चाई की बात होता है। एक ऐसी सरकार होती है जिसका लक्ष्य झूठ, लालच व लूट है। मौजूदा केंद्र सरकार का लक्ष्य झूठ, लालच व लूट है। लेकिन अब लोगों को सारी चीजें समझ आ रही हैं। इन्हें सच पता चलेगा।
Rahul & INC fertilised the ground for Hindutva. Now they’re trying to harvest majoritarianism. Bringing “Hindus to power” is a “secular” agenda in 2021. Wah!
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) December 12, 2021
India belongs to all Bharatiyas. Not Hindus alone. India belongs to people of all faiths & also those who have no faith pic.twitter.com/9EfpynChqU
कांग्रेस ने ही हिंदुत्ववाद के लिए जमीन तैयार कीः ओवैसी
AIMIM के अध्यक्ष असद्दुद्दीन ओवैसी ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही हिंदुत्ववाद के लिए जमीन तैयार की थी। अब वो बहुसंख्यक समुदाय के जरिए सत्ता में आने का मंसूबा बांध रहे हैं। उनका कहना था कि हिंदू को सत्ता में लाना 2021 का एक सेकुलर एजेंडा है, वाह। ओवैसी का कहना था कि भारत भारतीयों का है। केवल हिंदुओं का नहीं।