आफ़त की बारिश से कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त, मौसम विभाग ने किया एलर्ट, इन राज्यों में दो-तीन के भीतर हो सकती है भारी बारिश

Chief Editor
3 Min Read

नई दिल्ली |  देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून  सक्रिय होने से जमकर बरसात हो रही है और कई जगहों पर तो अब आफत बरस रही है। कई राज़्यों के साथ ही छत्तीसगढ़ के पडोसी राज़्य मध्यप्रदेश में भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भारतीय सेना ने कमान संभाल ली है। शिवपुरी में दस लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया है।  मौसम विभाग ने आने वाले दो – तीन दिनों में राजस्थान, उत्तराखंड , मध्यप्रदेश , उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश के संकेत दिए हैं।

उत्तर एवं मध्य भारत के कई राज्यों में तो भारी बारिश  का दौर जारी है। जिसके कारण लगभग सभी नदियों का जल स्तर बढ़ गया है। राजधानी दिल्ली में भी यमुना नदी खतरे के निशान पर बह रही है। देश कई राज्यों में बाढ़ आ गई है। ऐसे में अब भारतीय वायुसेना को भी राहत बचाव कार्य में उतरना पड़ा है। सेना और एनडीआरफ की टीमें पहले से ही राहत कार्य में लगी हुई हैं।

मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में अगले 2 से 3 दिन तक भारी बारिश के आसार जताए हैं। इन राज्यों में पहले से भारी बारिश के चलते हालात खराब है। कई जगहों जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। पश्चिम बंगाल के हुगली में और मध्यप्रदेश के शिवपुरी मे बाढ़ पीडितों की मदद के लिए भारतीय वायु सेना ने कमान संभाली है। हुगली मे 31 लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया है। मध्यप्रदेश के शिवपुरी मे भी हेलीकॉप्टर से 10 लोगों को बचाया गया है।

 मरूभूमि राजस्थान में भी चार-पांच दिनों से लगातार भारी बारिश का दौर बना हुआ है। राज्य में इस सीजन में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज हो चुकी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के चलते राजधानी जयपुर में भी बड़ा हादसा हो गया है। यहां बापू बाजार में 100 साल पुराना बरगद का पेड़ गिर गया। जिसके नीचे एक वाहन चालक दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। जारोली घाट पर बना पुल पूरी तरह डूब गया है। गुना जिले में कई डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में झांसी जिले में 18 घंटे से लगातार बारिश से शहर पानी-पानी हो गया। दुकानों व घरों में पानी भर गया है। सिंगर बादशाह तालाब के ओवरफ्लो होने से कई बस्तियों में पानी भर गया है।

close