प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ सरकार पर जमकर बरसे रामविचार नेताम

Shri Mi
3 Min Read

अंबिकापुर(पृथ्वीलाल केशरी) राज्यसभा के पूर्व सदस्य रामविचार नेताम ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ व भ्रष्टाचार का सिरमौर बना दिया है। पिछले दिनों आयकर छापे से छत्तीसगढ़ न सिर्फ देश में शर्मसार हुआ बल्कि यह भी स्पष्ट हो गया कि छत्तीसगढ़ में सामूहिक भ्रष्टाचार चल रहा है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन में ऊंचे पद पर बैठा अधिकारी जनता की उम्मीदों का केंद्र होता है वहीं प्रशासन चलाते हैं, लेकिन आयकर छापे ने पोल खोल कर रख दी है कि किस तरह छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक तंत्र भी भ्रष्टाचार में संलिप्त है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

उन्होंने फिर दोहराया कि छत्तीसगढ़ में कलेक्टरों की पदस्थापना के लिए मंडी की तरह भाव खोल दिया गया है। सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार और अवैध कमाई करने में लगी हुई है। इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग सत्ता के संरक्षण में पल और बढ़ रहे हैं। ऐसे भ्रष्टाचारी जब अस्पताल में दाखिल होते हैं तो मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ उनका हालचाल जानने घंटों समय देते हैं। यह सरकार शराब माफिया, कोल माफिया, रेत माफियाओं के इशारे पर चल रही है।

कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को इस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है कि अब किसी दूसरे प्रदेश में जाकर अपना परिचय देने में भी शर्मिंदगी होगी कि हम छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।कांग्रेस सरकार पर किसानों, गरीबों का हक मारने और विकास की राशि में भ्रष्टाचार तथा सामूहिक लूट करने का आरोप उन्होंने लगाया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में पिछले दिनों महिला की जघन्य हत्या को निर्भया जैसा कांड बताते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार में महिलाओं का मान,सम्मान भी शेष नहीं बचा है।इतनी बड़ी घटना हुई और सरकार मौन साधे रही। कांग्रेस सरकार आपातकाल जैसी स्थिति बनाना चाह रही है जो कभी संभव नहीं है। मनमाना एफआइआर,जमीन पर कब्जा, रेत का अवैध भंडारण, कोयले से अवैध उगाही का जबाब आने वाले समय में जनता लेगी। सरकार को भी इसका हिसाब देना होगा। इस दौरान पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी,भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव,भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह,भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता,पूर्व महापौर प्रबोध मिंज,पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा,मधुसूदन शुक्ला,संतोष दास उपस्थित रहे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close