पढ़ें कहां कहां गयी टीम..किन क्षेत्रों को बताया गया दुर्घटना स्थल..क्या क्या उठाए जाएंगे कदम

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—पुलिस प्रशासन के साथ सोमवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को ब्लैक और ग्रे स्पाट स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने साथ ही  दुर्घटनाओं को लेकर चिंता भी जाहिर किया है।
 
                  पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को नवीन चिन्हित ब्लैक एवं ग्रे स्पाट यानि अत्यधिक दुर्घटना जन्य स्थलों का मुआयना किया। निरीक्षण कार्य के दौरान परिवहन विभाग के कर्मचारी भी साथ मौजूद थे। 
 
                                  उप पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस कप्तान के निर्देश पर निरीक्षण कार्य किया गया है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर एम एस पैकरा राजेंद्र कुमार तवंर लव जयसवाल एवं परिवहन विभाग से निरीक्षक विजय कुमार निकुंज, जिला रोड सेफ्टी सेल  सब इंस्पेक्टर उमा शंकर पांडे आरक्षक भुनेश्वर मरावी विशेष रूप से मौजूद थे।
 
             सत्येन्द्र पाण्डेय ने बताया कि टीम के साथ ब्लैक स्पॉट छतौना मोड़ महामाया चौक सरकंडा बहतराई चौक मोपका चौक एवं ग्रे स्पाट हाईटेक बस स्टैंड बसंत विहार चौक का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थलों पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण किया गया।  दुर्घटनाओं को रोकने को लेकर इंजीनियरिंग सुधार का निर्णय लिया गया। ब्लैक स्पॉट छतौना मोड में सहायक मार्ग छतौना की ओर रंबल स्ट्रिप का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। वहीं हाईटेक बस स्टैंड में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की बात हुई। हाई मास्क लाइट की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
 
                    टीम ने महामाया चौक बहतराई और मोपका चौक साथ ही बसंत विहार चौक समेत  सभी स्थानों पर बेजा कब्जा के कारण पर्याप्त दृश्यता का अभाव पाया गया। दुर्घटना का प्रमुख कारण खराब सड़क  को बताया। चिंगराजपारा और बहतराई  सहायक मार्ग  और  छठ घाट मार्ग पर गति नियंत्रण के लिए रंबल स्ट्रिप की आवश्यकता पर बात हुई। सत्येन्द्र पाण्डेय ने बताया कि सभी दुर्घटना जन्य  क्षेत्रों में दुर्घटना रोकने और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर जल्द ही आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार किए जाएंगे।

TAGGED: ,
close