ईनामी फरार आरोपी गिरफ्तार..बहुरूपिया बनकर किया पुलिस को गुमराह..रायगढ़ में घेराबन्दी से पकड़ाया ठग

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर— जमीन बिक्री का इकरारनामा करने के बाद नगद और चेक लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने रायगढ़ किरोड़ीमल से गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी भेष बदलकर फरारी के दौरान पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। कभी कोरबा तो कभी रायगढ़ में नाम बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था। आरोपी को पकडने पुलिस कप्तान ने ईनाम पांच हजार का एलान किया था। सायबर सेल और पुलिस के संयुक्त प्रयास से आरोपी को धर दबोचा गया। 
 
 
                  तोरवा पुलिस के अनुसार लिंगियाडीह निवासी रामनरेश कश्यप ने थाना पहुंचकर ठगी होने का रिपोर्ट दर्ज कराया। पीड़ित ने अपने रिपोर्ट में बताया कि गणेश नगर निवासी आरोपी दयानन्द पासवान ने जमीन बिक्री का इकरारनामा किया। चेक और नगद लेकर फरार हो गया।
 
                                   मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपी की पतासाजी शुरू हुई। इस दौरान आरोपी पहचान छिपाकर कोरबा और रायगढ़ में स्थान बदलकर पुलिस से बच रहा था। मामले में अतिरिक्त पुलिस कप्तान राजेन्द्र कुमार जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक पूजा कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
 
                 साइबर टीम के सहयोग से मोबाईल लोकेशन के आधार पर आरोपी को रायगढ़ में होना पाया गया। आरोपी को किरोड़ीमल में घेराबंदी कर पकड़ा गया। आईपीसी की धारा 420 के तहत गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायालय के हवाले किया गया है।
 
                     कार्यवाही में थाना तोरवा प्रभारी फैजुल होदा शाह, उप निरीक्षक अमुतलाल साहू, आरक्षक धर्मेंन्द्र साहू, मिथलेश सोनी, यशपाल टंडन,विवेक चंदेल और रामलाल राठौर का विशेष सराहनीय योगदान रहा ।
close