पुलिस संरक्षण में राजनैतिक आतंकवाद…कांग्रेस नेता उमेश का बयान…भाजपाइयो की गुंडागर्दी पर लगाएं रोक

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

umesh_patelरायपुर—छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष उमेश पटेल ने कहा है कि राजधानी के गुढ़ियारी में कांग्रेस की सभा में भाजपाइयों ने पुलिस प्रशासन के संरक्षण में पत्थरबाजी की है। पथराव की छत्तीसगढ़ कांग्रेस की युवा टीम कड़ी निंदा करती है। पुलिस प्रशासन के संरक्षण में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर पथराव किया जाना सोची समझी साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस के कार्यक्रम पर सुनियोजित षड़यंत्र के तहत हमला किया गया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                 उमेश पटेल ने बताया कि प्रदेश में राजनैतिक आतंकवाद चरम पर है। भाजपाइयों ने पुलिस संरक्षण में कांग्रेस कार्यक्रम में शामिल नेताओं पर पथराव किया है। यही कारण है कि गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही भाजपाइयों को रिहा कर दिया गया। दरअसल पुलिस ने ऐसा कर सरकार के इशारे पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर फिर से हमला करने का भाजपाइयों को मौका दिया है।

    उमेश पटेल ने बताया कि पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय पर बलवा का जुर्म दर्ज कर भाजपा सरकार ने ओछी हरकत की है। इससे जाहिर होता है कि भाजपा के लोग स्तरहीन राजनीति कर रहे हैं। गुढ़ियारी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपाइयों की पत्थरबाजी से युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशरफ हुसैन, रायपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश दीप शर्मा, दक्षिण युवा कांग्रेस के महासचिव रघु दुबे समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

                              युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उमेश पटेल ने बताया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार रमन सरकार के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ रहे है। युवा कांग्रेसी सरकार के निशाने पर हैं। धमतरी में पुतला दहन की सूचना देने थाना गये युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर घंटो बैठाया गया। पुतला दहन करने पर धारा 134 लगाकर युवा कांग्रेसियों पर गैर जमानती धाराएं लगायी गयीं।

               उमेश के अनुसार बेमेतरा के बेरला बारगांव में सामूहिक बलात्कार कांड में जांच की मांग और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन के बाद हिंसा का झूठा आरोप कांग्रेसियों पर लगाया गया।  बेमेतरा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुलजार अली को 307  की धारा लगाकर जेल भेज दिया गया। मालूम हो कि लगभग तीन महीने बाद गुलजार अली को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जमानत मिली।

                                  युवा कांग्रेस अध्यक्ष उमेश पटेल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ युवा कांग्रेस सरकार के प्रशासनिक आतंकवाद से डरने वाली नहीं है। जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेसी लडाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। पूरी ताकत के साथ सरकार की गुंडागर्दी और प्रशासनिक आतंकवाद का विरोध जारी रखेगे।

close