बच्ची की मौत के जुर्म में स्कूल संचालक गिरफ्तार. .पीडब्लूडी का खुलासा..जर्जर थी स्कूल की दीवार

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-सरकंडा पुलिस ने स्कूल  में बाधरूम की दीवार गिरने से सात साल की बच्ची की मौत मामले में स्कूल संचालक पर अपराध दर्ज किया है। जानकारी देते चलें कि मंगलवार को सरकन्डा स्थित ज्ञानोदय स्कूल की छात्रा सात साल की बच्ची की जर्जर दीवार की चपेट में आने से मौत हो गयी है। मामले में परिजनों ने आक्रोश जाहिर किया। साथ ही संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक बच्ची का नाम वैशाली साहू पिता तंकेश्वर साहू है। सात साल की वैशाली अटल आवास की रहने वाली है। .
 
         सरकन्डा थानेदार परिवेश तिवारी ने बताया कि दोपहर को सिम्स से सरकंडा पुलिस को जानकारी मिली कि स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्ची की मौत हो गयी है। बच्ची बाथरूम गयी थी। इसी समय हादसा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस कप्तान को दी गयी। खबर मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित झा  और नगर पुलिस अधीक्षक स्नेहिल साहू जायजा लेने मौके पर पहुंची। 
 
             जांच के दौरान परिजनों, शिक्षकों और स्टाफ का बयान लिया गया। लोक निर्माण विभाग  को भी मौके पर बुलाकर स्कूल का जायजा लेने को कहा गया। पीडब्लूडी अधिकारियों ने बताया कि शौचालय की दीवार जर्जर है। जर्जर बाथरूम का उपयोग पिछले तीन चार साल से किया जा रहा है। जर्जर और कमजोर होने के कारण दीवार गिर गयी। दीवार की चपेट में आने से बच्ची की मौत हुई है।
 
              थानेदार परिवेश तिवारी ने बताया कि मामले में 304 (2) का अपराध तत्काल दर्ज किया गया। स्कूल संचालक नरेश साहू पर अपराध कायम करने के बाद तत्काल गिरफ्तार किया गया है।
 
तीन टीम की एक साथ कार्रवाई
 
        घटना के बाद प्रशासन ने तीन टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने सिम्स पहुंचकर पंचनामा किया है। दूसरी टीम पीडब्लूड़ी अधिकारियों के साथ थाना प्रभारी ने  घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीसरी टीम ने थाना प्रभारी के आदेश पर तत्काल आरोपी नरेश साहू पिता विदेशी राम गिरफ्तार किया है। –

Join Our WhatsApp Group Join Now
close