क्रेडाई की बैठक में कलेक्टर ने दिया दिशा निर्देश..निगम आयुक्त ने कहा..अवैध प्लाटिंग के खिलाफ व्यापक स्तर पर चलेगा अभियान

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—-कलेक्टर सौरभ कुमार की अध्यक्षता में मंथन सभागार में क्रेडाई  पदाधिकारियों और अधिकारियों की संयुक्त  कार्यशाला का आयोजन किया गया।  कलेक्टर ने  बताया कि सभी बिल्डर्स को वायदें के अनुसार उपभोक्ताओं को समय-सीमा में मकान उपलब्ध कराना जिम्मेदारी है। उपभोक्ताओं के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर ने बिल्डर्स और डेवलपर्स की समस्याओं पर भी गौर किया। सभी की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। 
 क्रेडाई और अधिकारियों की संयुक्त बैठक को अपने संबोधन में कलेक्टर ने कहा कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई है। ऐसे तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि रियल इस्टेट सेक्टर का देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है। घोषणा के अनुरूप प्रमोटर्स-बिल्डर्स की जिम्मेदारी है कि उपभोक्ता को सुविधा प्रदान करे।
 इस दौरान बैठक में मौजूद प्रमोटर्स-बिल्डर्स ने अपने अनुभवों को साझा किया। सभी ने बारी बारी से आने वाली परेशानियों को गिनाया। बिल्डर्स ने कालोनाइजर रजिस्ट्रेशन, प्राॅपर्टी टेक्स, अवैध प्लाॅटिंग जैसे मसलों से जुड़ी समस्याओं को भी पेश किया।
निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत ने बताया कि निगम अपने स्तर पर अवैध प्लाॅटिग पर लगातार कार्रवाई कर रहा है।  कलेक्टर के निर्देश पर आने वाले समय में निगम और राजस्व का संयुक्त अमला अवैध प्लाटिंग के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कई बिल्डर्स ने बताया कि अभी केवल आवासीय काॅलोनी का ही सोसायटी पंजीयन हो रहा है। व्यावसायिक काम्प्लेक्स का पंजीयन पर रोक है।
उपस्थित लोगों को कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जल्द ही निर्धारित गाईडलाईन के अनुसार समस्या का निराकरण किया जाएगा। क्रेडाई के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव और अन्य पदाधिकारिर्यो ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही अपनी बातों को तर्क के साथ पेश किया। बैठक में बिलासपुर क्रेडाई अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव समेत एडीएम आर.ए.कुरूवंशी, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, बिल्डर्स और काॅलोनाईजर विशेष रूप से उपस्थित थे। 
close