आन बान शान से फहरा तिरंगा..मुख्य अतिथि ने किया वारियर्स का सम्मान.. पढ़ा सीएम का संदेश..खींचा विकास का खाका

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—- पुलिस मैदान में गणतंत्र दिवस का झण्डा मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने फहराया। कार्यक्रम का आयोजन कोरोना काल के बीच पूरी गरिमा और आन बान शान के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। साथ ही प्रदेश के विकास का खाका भी पेश किया। 
 
        बिलासपुर जिले में भी 26 जनवरी को 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया । परेड कमाण्डर उप पुलिस अधीक्षक ललिता मेहर के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने केन्द्रीय जेल की बैण्ड के राष्ट्रगान की धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई।
      
             मुख्य अतिथि  पटेल ने मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने  शांति के प्रतीक कबूतर और उल्लास के प्रतीक गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। समारोह में नक्सल हमले में शहीदों के परिजन भी शामिल हुए। सभी का शाल एवं श्रीफल से मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दयाराम कलवानी और  नंदु भांगे को उनके घर जाकर शाल एवं श्रीफल देकर खुद को गर्वान्वित महसूस किया।
 
            कोरोना महामारी से निपटने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोरोना वारियर्स, राजस्व विभाग से डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज, तहसीलदार नारायण गभेल, आरआई निखिल झा समेत अन्य अधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।  नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि ने प्रदान किया।
 
               आबकारी विभाग से दारोगा आनन्द वर्मा और मुकेश पाण्डेय को मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने प्रशस्ती पत्र देकर सम्मान किया। मुख्य अतिथि ने लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर बिन्द्रा प्रसाद को कोरोना काल में बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया।
 
                  जिले में आयुष्मान भारत एवं डाॅ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिल्हा को पुरूस्कृत किया गया। निजी अस्पताल में जन स्वास्थ्य केन्द्र गनियारी और रामकेयर अस्पताल को पुरूस्कृत किया गया। मेजर ध्यानचंद पुरस्कार  लखनलाल देवांगन को बेसबाल में दिया गया। इसी प्रकार महिला श्रेणी में बेसबाल के लिए कुमारी अंजली का सम्मान किया गया। मार्शल आर्ट के लिए वैष्णवी स्वर्णकार और श्रेयांषी स्वर्णकार को दिया गया। 
        
                               समारोह में जिला पुलिस बल पुरूष एवं जिला पुलिस बल महिला, जिला होम गार्ड पुरूष एवं जिला होम गार्ड महिला की टुकड़िया शामिल हुई। 
 
                                            इस अवसर पर बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, नगर निगम महापौर रामशरण यादव, संभागायुक्त डाॅ. संजय अंलग, आईजी पुलिस रतनलाल डांगी, कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल, एडीएम बीएस उइके, अपर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरीश एस, नगर निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम सभापति शेख नजरूद्दीन,  अटल श्रीवास्तव, विजय केशरवानी, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
close