खैरागढ़ उपचुनाव के नतीजे आंएंगे शनिवार को, मतगणना के साथ दोपहर तक साफ़ हो जाएगी तस्वीर..

Chief Editor
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट में हुए उपचुनाव के नतीजे शनिवार 16 अप्रैल को घोषित कर दिए जाएंगे। इस विधानसभा सीट के लिए  12 अप्रैल को मतदान कराए गए थे। शनिवार 16 अप्रैल को वोटों की गिनती होगी। उम्मीद की जा रही है कि दोपहर बाद तक चुनाव के नतीजे सामने आएंगे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

खैरागढ़ विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से यशोदा वर्मा और बीजेपी से कोमल जंघेल सहित छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस उम्मीदवार नरेंद्र सोनी चुनाव मैदान में है। मतदान के बाद अब लोगों को मतगणना का इंतजार है। इस चुनाव को लेकर लोगों की बड़ी दिलचस्पी है। चूंकी छत्तीसगढ़ में आने वाले 2023 में विधानसभा के चुनाव होंगे। इसके पहले खैरागढ़ का मुकाबला छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इस चुनाव के नतीजे से यह बात भी सामने आएगी कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों और उसकी नीत़ियों को लेकर आम लोगों के बीच क़िस तरह की प्रतिक्रिया है। वहीं प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी भी यह साबित करने की कोशिश में है कि देश के अन्य हिस्सों की तरह छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। नतीजों से काफी कुछ साबित हो सकेगा। लिहाजा खैरागढ़ उपचुनाव के नतीजों पर लोगों की नजर लगी हुई है।

खबर है कि राजनांदगांव के कमला कॉलेज के पीछे स्थित परिसर को मतगणना स्थल बनाया गया है। जहां शनिवार को होने वाली मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा रहेगी। वोट गिनने के लिए 14 टेबल लगाए जा रहे हैं। जहां 21 राउंड की गिनती होगी। इस काम में 200 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। राजनांदगांव जिला कलेक्टर तारण सिन्हा ने अफसरों की मीटिंग लेकर मतगणना की तैयारियों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के साथ ही  अन्य व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी हासिल की है।

close