केन्द्रीय मंत्री करेंगे विडियों कांफ्रेंसिंग से बात..बांटा जाएगा 3380 उपकरण.. 1162 दिव्यांगों को होगा सीधे फायदा

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—लंबे समय से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के करीब 18 सौ दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। सांसद अरुण साव की पहल पर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत करीब 2 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत के कुल 3380 सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन 17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे स्थानीय जलसंसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में किया जाएगा। 
 
                   भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने एडिप योजना के तहत जिले के 1162 दिव्यांगजनों का चयन किया था। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत जिले के 623 वरिष्ठ नागरिकों  का चयन किया गया था। हितग्राहियों कुल 2 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत के करीब 3380 विभिन्न सहायक उपकरण दिलाने विभाग की ओर से भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था।
 
             तात्कालिन कलेक्टर और वर्तमान कमिश्नर डाॅ. संजय अलंग ने संबंध में सांसद साव को जानकारी देते हुए केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. थावरचंद गहलोत से इस मामले में चर्चा करने का अनुरोध किया था। संसद के मानसून सत्र के दौरान सांसद साव ने केन्द्रीय मंत्री गहलोत से भेंट कर जिले के चयनित दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने अनुरोध किया। प्रयासों के चलते लंबे समय से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। 17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय  सामाजिक न्याय हितग्राहियों को अधिकारिता मंत्री डाॅ. गहलोत वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से दिल्ली से जुड़ेंगे।
 
                     कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद साव करेंगे। विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक  शैलेश पाण्डेय, रश्मि आशीष सिंह, डाॅ. कृष्णमूर्ति बांधी, रजनीश सिंह, रेणु जोगी, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
 
क्या क्या होगा वितरण
 
                     कार्यक्रम में सांकेतिक तौर पर हितग्राहियों को 10 मोटराईज्ड ट्रायसायकल, 5 ट्रायसायकल, 2 व्हीलचेयर, 3 बैशाखी, 4 श्रवणयंत्र, 2 स्मार्ट फोन, 2 ब्रेल किट, 2 एमआर  किट, 2 डीजी प्लेयर, 2 वाकिंग स्टीक, 2 चश्मा का वितरण किया जाएगा, जिसकी कीमत कुल 5 लाख  842 रुपए है। बाकी हितग्राहियों को सहायक उपकरणों का वितरण ब्लाक  मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now
close