VIDEOः कांग्रेस नेता चन्दन ने किया प्रधानमंत्री का समर्थन…कहा..लेकिन नहीं बताई यह बात…और इस बारे में कुछ नहीं कहा

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— प्रदेश कांग्रेस प्रभारी डॉ.चन्दन यादव ने बताया हम प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन करते हैं। उन्होने ठीक ही कहा कि सारे भ्रष्टाचारी एक प्लेटफार्म पर आ गए हैं। लेकिन बताना भूल गए कि प्लेटफार्म का नाम भाजपा है। प्रधानमंत्री अब यह भी बता ही दें कि बीस हजार करोड़ रूपये है किसका। शेल कम्पनी किसकी है। चन्दन यादव एक दिनी प्रवास पर बिलासपुर में यह बातें पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। चन्दन ने बताया कि दरअसल ई़डी  का इस्तेमाल विपक्ष और विरोधी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। लेकिन हमारे नेता राहुल गांधी झूठ के सामने झुकने वाले नहीं है। उन्होने दो टूक कहा है कि हम सच के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

 प्रदेश कांग्रेस प्रभारी चन्दन यादव ने बिलासपुर में प्रेसवार्ता कर बताया कि हिन्डनवर्ग रिपोर्ट के बाद राहुल के सवाल से प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता घबरा गए हैं। उन्हे सदन में बोलने नहीं दिया गया। परेशान करने के लिए उन्हे झूठे मामले में फंसा कर संसद से बर्खास्त किया गया। सदन में माइक को म्यूट किया गया। लेकिन बताना चाहूंगा कि हमारे नेता राहुल गांधी सच के साथ हैं। झूठ के सामने झुकने वाले नहीं है। 20 हजार करोड़ किसका है प्रधानमंत्री को बताना होगा। प्रधानमंत्री को यह भी बताना होगा कि उनका अडानी से क्या रिश्ता है।

प्रधानमंत्री ने बयान दिया है कि सारे भ्रष्टाचारी एक प्लेटफार्म पर आ गए हैं। सवाल पर चंदन यादव ने बताया कि पहली बार प्रधानमंत्री ने सच बोला है। मैं उनकी बातों का समर्थन करता हूं। क्योंकि देश के कमोबेश सभी भ्रष्टाचारी नेता जैसे आसाम के मुख्यमंत्री हेमन्ता विश्वशर्मा, बंगाल के कई नेता, महाराष्ट्र में नारायण राणे से लेकर दर्जनों भ्रष्टाचारी एक प्लेटफार्म पर एकत्रित हो गए हैं। लेकिन प्रधानमंत्री यह बताना भूल गए कि प्लेटफार्म का नाम भारतीय जनता पार्टी है।

ईडी की कार्रवाई के सवाल पर चन्दन यादव ने दुहराया कि बिहार में ईड़ी को भाजपा का जमाई कहा जाता है। ईडी का इस्तेमाल विपक्ष और सच की आवाज को दबाने के लिए किया जा रहा है। विपक्षी नेताओं को दबाने और भयभीत करने के लिए किया जा रहा है। यादव ने कहा लेकिन राहुल गांधी के सामने भाजपा ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री ही भयभीत हो गए हैं। यही कारण है कि उनकी आवाज को सदन में ना केवल म्यूट किया। बल्कि कोर्ट का सहारा लेकर सदस्यता को खत्म किया है। 

बदलती राजनीति में राहुल पर मानहानि के जवाब में क्या कांग्रेस भी मानहानि का दावा करेंगे। चन्दन ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा नेताओं की भाषा बहुत ही गंदी है। जर्सी गाय, हाइब्रिड, पचास करोड़ की गर्लफ्रेन्ड कहना कितना गंदा है। लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे। क्योंकि कांग्रेस पार्टी मूल्यों की राजनीति करती है। हम लोकतांत्रिक तरीके से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम  से जनता तक पहुंच रहे हैं। पूरे देश में एक से पांच अप्रैल के बीच जनसत्याग्रह से लेकर मशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। हम शहर से गांव तक पहुंचेंगे। मोदी की कारगुजारियों को जनता के सामने रखेंगे।

लोकतांत्रिक आंदोलन कब बनेगा जन आन्दोलन के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि हम लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। जनता को भाजपा की असलियत के बारे में बता रहे हैं। आखिर बीस हजार करोड़ किसका है। सवाल पर चन्दन ने बताया कि हम यही तो जानना चाह रहे हैं। साथ ही देश की जनता भी जानना चाह रही है कि अडानी और मोदी के बीच क्या रिश्ता है।

close