VIDEO-राष्ट्रीय ध्वज का घोर अपमान..देर रात 11 बजे तक लहराया झण्डा..थाना प्रभारी ने कहा-मामला गंभीर..संबधित विभाग को देंगे जानकारी

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
तखतपुर-(टेकचंद कारड़ा)—-पूरे देश में 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरी आंगनबाड़ी में भी राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण हुआ। लेकिन झण्डा फहराने के बाद जवाबदार लोग झण्डा नियमों का पालन करना ही भूल गए। लापरवाही के चलते देर रात 11 बजे तक झण्डा लहराता रहा। देर रात लहराते झण्डे पर पुलिस प्रशासन की नजर पड़ी। आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से राष्ट्र ध्वज को सम्मान के साथ  उतारा गया। घोर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद आंगनबाड़ी के जिम्मेदार लोग अब पनाह मांगते घूम रहे हैं।
 
                 देश प्रदेश और जिला समेत ब्लाक स्तर पर शासकीय और अशासकीय जगहों पर आन बान के साथ राष्ट्रीय पर्व पर झण्डा फहराया गया। इसी क्रम में तखतपुर विकास खण्ड के खपरी आंगनबाड़ी केन्द्र में राष्ट्रध्वज को सलामी दी गयी। लेकिन बेहोश जिम्मेदार लोगों ने वह काम कर दिया जिसे किसी भी सूरत में माफ किया जाना मुश्कित है। 
 
                     झण्डा नियम के अनुसार शाम ढलने से पहले राष्ट्रध्वज को सम्मान के साथ उतारा जाता है। लेकिन तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरी में झण्डा नियमों की कर्मचारियों ने जमकर धज्जियां उडा़ईख। ब्लाक मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर  मुख्य मार्ग में आंगनबाड़ी केन्द्र है। आंगनबाड़ी केंद्र में सुबह राष्ट्रध्वज को आन बान शान के साथ फहराया गया। लेकिन झण्डारोहण के बाद कर्मचारी छुट्टी की खुमारी में ऐसे डूबे कि देर रात 11 बजे तक आंगन बाड़ी केन्द्र में राष्ट्रध्वज लहराता रहा। दअसल झण्डा रोहण के बाद सभी जिम्मेदार लोग घर रवाना हो गए। किसी को भी याद नहीं रहा कि नियमानुसार झण्डा को सूर्य डूबने से पहले झण्डा को उतारना भी है।
 
           देर रात मामले की मजानकारी थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज को हुई। आनन फानन में थाना प्रभारी ने पेट्रोलिंग पार्टी को भेजा। इसके बाद पुलिस टीम ने आंगनबाड़ी केन्द्र में झण्डा फहरते देखा। पुलिस के अनुसार रात को सबसे पहले  गांव के ही  विजय केवट और लाला यादव ने झण्डा को फहरते देखा था।
 
            पुलिस टीम में शामिल तखतपुर थाना स्टाफ ओंकार सिंह राजपूत ने पड़ोसी नानू देवांगन से राष्ट्रध्वज को उतारने के लिए सीढ़ी लाया। विजय कैवर्त ने छज्जे मे  चढ़कर राष्ट्र ध्वज को  पूरे सम्मान के साथ उतारकर आरक्षक के हवाले किया।
 
        थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि राष्ट्रध्वज शाम को दिन ढ़लने से पहले सम्मान के साथ उतार लिया जाता है। मामला गंभीर है। झण्डा नहीं उतारे जाने के कारणों का पता लगा जाएगा। मामले की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जाएगी। इसके बाद जो भी निर्देश होगा…विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
close