PHOTO-बिलासपुर की होली का अद्भुत नज़ारा…दो साल बाद फ़िर झूम उठा गोलबाज़ार

Shri Mi
3 Min Read

यह नजारा बिलासपुर के गोल बाजार का है….। जहां रंगारंग- आनंद उत्सव मनाया जा रहा है। यहां रंग भी है.. तरंग भी है… मस्ती भी है ….और उमंग भी है…। गोल बाजार की गली आज रंग और उमंग से सराबोर है..। पूर्व महापौर राजेश पांडे की अगुवाई में उनकी पूरी टीम ने यहां इस आनंदोत्सव का आयोजन किया है। यूं तो यह आयोजन पिछले कई दशक से हो रहा है। लेकिन पिछले 2 साल से इस पर कोरोना का ग्रहण लग गया था। सब कुछ सामान्य था नजर आने के बाद अब एक बार फिर होली के दिन पूरा गोल बाजार झूम उठा…। ठीक उसी तरह जैसे माना जाता है कि होलिका दहन की राख की ख़ाक से नई जिंदगी का संदेश मिलता है । जैसे पेड़ों के पत्ते गिरते हैं और नई कोपलें लगती हैं… वैसे ही जिंदगी में भी नए सिरे से शुरुआत के कई मौके आते हैं। होली का त्यौहार भी ऐसा ही है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

होली का पूरा फलसफा गोल बाजार में देखा जा सकता है। जहां रेन डांस में बाजे गाजे की धुन पर थिरकते झूमते नौजवान अधेड़ और अमीर गरीब सभी एक ही अंदाज में मिल जाएंगे। रंग गुलाल से रंगे पुते लोगों को पहचान पाना मुश्किल है। यह सभी होरियार हैं… और सबका लेबल एक ही है।ना कोई बड़ा है…. और ना कोई छोटा है…. सब एक बराब़र हैं…। पानी में भीगते नौजवानों को देखकर लगता है कि वह सब कुछ भूल कर सिर्फ रंगो के महापर्व की मस्ती में डूब जाना चाहते हैं। एक दिलचस्प नजारा यह भी देखने को मिलता है कि लोग अपनी शर्ट उतार कर मंडप में लगे बंस पर उछाल देते हैं और बिधुन होकर नाचते हैं। मजेदार बात यह भी है कि इतनी बड़ी तादाद में नाचते गाते लोगों के बीच किसी तरह की टकराहट नजर नहीं आती। लोग एक दूसरे को देख कर खुश होते हैं और इतनी भीड़ के बाद भी पूरा डिसिप्लिन दिखाई देता है।

राजेश पांडे की टीम की ओर से रंग गुलाल के साथ ही खाने की भी व्यवस्था रहती है। दिलचस्प नजारा यह भी देखने को मिलेगा की होली की मस्ती के बीच भी लोग खाना लेने के लिए लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। शहर के किसी भी हिस्से से निकलने वाले होरियार कुछ समय के लिए जरूर गोल बाजार के इस आनंद उत्सव में रुकते हैं और अपनी हिस्सेदारी निभाते हैं। 2 साल लगातार गेप के बाद इस बार गोल बाजार की होली एक बार फिर यह संदेश दे गई की मस्ती… उमंग.. उल्लास… रंग के हर एक नजारे का स्वागत करने के लिए जिंदगी हमेशा तैयार है और उसमें हिस्सेदार भी है। यह सिलसिला आगे भी इसी तरह से चलता रहे। इन्ही शुभकामनाओं के साथ सभी को रंगों के महापर्व की बधाइयाँ।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close